संभागायुक्त दुर्ग संभाग ने किया थानखम्हरिया का औचक निरीक्षण

Posted On:- 2022-03-31



दुर्ग (वीएनएस)। संभागायुक्त दुर्ग संभाग महादेव कावरे ने गुरुवार को तहसील थानखम्हरिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं पाए जाने पर कमर्चारी नीरज वर्मा, सहायक ग्रेड-03 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, साथ ही कार्यालय में कार्यरत सभी कमर्चारियों के टेबल पर नाम पट्टिका आवश्यक रूप से रखे जाने के निर्देश दिए।

न्यायालय तहसीलदार थानखम्हरिया में न्यायालयीन प्रकरणों के अवलोकन के दौरान तहसीलदार हेमन्त पैकरा की ओर से न्यायालय तहसीलदार कुल 154 प्रकरण व न्यायालय नायब तहसीलदार थानखम्हरिया ने 123 प्रकरण लंबित होना बताया। महादेव कावरे की ओर से बेदखली के प्रकरण में पटवारी के प्रतिवेदन के कारण प्रकरण लंबित होना पाया जिस पर संभागायुक्त ने थानखम्हरिया तहसील के पटवारी जयश्री दीवान (पटवारी हल्का नं. 14) को कारण बताओ नोटिस थमाया व उपस्थित तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि सभी राजस्व निरीक्षक व पटवारी का प्रतिवेदन निर्धारित समयावधि में आवश्यक रूप से प्राप्त हो जावे। तहसील कार्यालय थानखम्हरिया में कैशबुक अपूर्ण होने पर कावरे की ओर से कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई व नायब नाजिर किशन दास मानिकपुरी को 15 दिवस के भीतर कैश बुक पूर्ण कराए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

संभागायुक्त कावरे ने थानखम्हरिया के अधिवक्ताओं से चर्चा के दौरान तहसील के कार्यप्रणाली के संबंध में चर्चा की, जिस दौरान वहां उपस्थित अधिवक्ता वासुदेव तिवारी, हरिशरण सिंह क्षत्रिय व कमलेश कुमार यादव ने कार्य से संतुष्ट होना बताया व उनके द्वारा की गई मांग पर कावरे ने आदेशित प्रकरण को नस्तीबद्ध कर एक माह के भीतर रिकार्ड रूम में जमा करने के लिए उपस्थित तहसीलदार व नायब तहसीलदार थानखम्हरिया को निर्देशित किया। संभागायुक्त दुर्ग संभाग ने अनुविभागीय अधिकारी साजा धनराज मरकाम को निर्देशित किया गया कि नामांतरण के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान ई नामांतरण के प्रकरणों की भी समीक्षा आवश्यक रूप से की जावे।