दंतेवाड़ा (वीएनएस)। कलेक्टर ने दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर चैत्र नवरात्र पर्व पर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर परिसर का अवलोकन कर आने वाले आगामी दिनों में होने वाले आयोजनों को देखते हुए श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और भ्रमण कर वस्तुस्थिति जानी। कलेक्टर ने यहां संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने भक्तों की सुविधानुसार व्यवस्थाएं करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सुविधाजनक ढंग से मंदिर में दर्शन प्राप्त हो। मंदिर परिक्षेत्र की साफ-सफाई बनाये रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहन पार्किंग, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए। आपको ज्ञात होगा कि चौत्र माह की रामनवमी 2 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अबिनाश मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, तहसीलदार यशोदा केतारप और अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।