रायपुर (वीएनएस)। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रायगढ़- जशपुर जिले के सीमावर्ती कापू थाना क्षेत्र में तिहरे हत्याकांड में मृत बुजुर्ग महिला, उनके बेटे और नातिन को विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए इस वारदात को भूपेश बघेल सरकार की बिगड़ी कानून व्यवस्था का खुला प्रमाण करार दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस की सरकार ने अपराध गढ़ में तब्दील कर दिया है। अपराधी तत्वों में कानून का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। पूरे प्रदेश में अपराधियों का तांडव मचा हुआ है। न तो बहन बेटियां सुरक्षित हैं और न ही कोई और सुरक्षित महसूस कर सकता। राज्य में ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब अपराधी तत्व वारदातों को अंजाम न दे रहे हों।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले की यह घटना साबित कर रही है कि छत्तीसगढ़ में कानून का राज नहीं रह गया है। यहां सरकार की ढील की वजह से अपराधियों का साम्राज्य स्थापित हो गया है। प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। लुटेरों का राज चल रहा है। दुष्कर्मियों को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है। कानून व्यवस्था का मखौल उड़ाया जा रहा है और भूपेश बघेल स्मार्ट पुलिसिंग तथा कानून के राज की दुहाई देते फिरते हैं। कांग्रेस की सरकार आते ही छत्तीसगढ़ में अराजकता फैल गई। कानून व्यवस्था सुधारने की कोशिश करने की बजाय सरकार आंखें मूंदकर बैठी है। मुख्यमंत्री के सिर पर राष्ट्रीय राजनीति का फितूर सवार है। वे राज्य की कानून व्यवस्था का चीरहरण होते देख रहे हैं और अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए राष्ट्रीय मुद्दों पर व्याख्यान दे रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से छत्तीसगढ़ सम्हल नहीं रहा है तो वे कांग्रेस के किसी समर्थ नेता को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपकर दस जनपथ या शहजादे शहजादी की सेवा में पूर्णतः समर्पित हो जायें। कम से कम छत्तीसगढ़ की जनता पर यह उपकार करें। राज्य की जनता ने कांग्रेस को इसलिए जनादेश नहीं दिया था कि उसका जीना दूभर हो जाये।