गंगालूर-क़ुटरु बने पूर्ण तहसील, सोमारु-मंगल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

Posted On:- 2022-04-01



बीजापुर (वीएनएस)। क़ुटरु और गंगालूर के लिए 31 मार्च का दिन ऐतिहासिक दिन तब बना जब मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेश में 23 नये तहसीलों को पूर्ण तहसील का दर्जा देते हुए उनका वर्चुअल शुभारम्भ किया, जिनमें बीजापुर जिले के क़ुटरु और गंगालूर भी तहसील के रूप में शामिल थे। अब ये दोनों पूर्ण रूप से तहसील हो गए है। इसके साथ ही बीजापुर जिले में तहसीलों की संख्या चार से बढ़कर छः हो गई है। अब क़ुटरु और गंगालूर में नियमित रूप से तहसील कार्यालय खुलेंगे और राजस्व से सम्बंधित समस्त कार्य सुचारु रूप से सम्पन्न होगा। क़ुटरु क्षेत्र के ज़िला पंचायत सदस्य सोमारु कश्यप एवं गंगालूर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंगल राना ने क़ुटरु और गंगालूर को पूर्ण तहसील बनाने पर क़ुटरु और गंगालूर सहित जिले वासियों की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उद्योग-आबकारी मंत्री व बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, बस्तर सांसद दीपक बैज एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी का आभार जताया है।

सोमारु कश्यप व मंगल राना ने कहा कि “क़ुटरु और गंगालूर को तहसील बनाने की माँग लम्बे समय से थी अब दोनों पूर्ण रूप से तहसील बन गए है। क़ुटरु और गंगालूर पूर्ण रूप से तहसील बनने से इन दोनों ही क्षेत्र के लोग प्रशासन से सीधे जुड़ेंगे और जनता एवं प्रशासन के बीच की दूरी कम होगी क्षेत्र के विकास तथा काम-काज में कसावट आएगी जिसका सीधा लाभ दूरस्त क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को मिलेगा।” दो नए तहसीलों के बनने से क़ुटरु और गंगालूर सहित जिले भर में हर्ष का माहौल है, लोग एक दूसरे को बधाइयाँ दे रहे है।