ट्रिपल मर्डर केस में एक ही परिवार के 4 सदस्य गिरफ्तार

Posted On:- 2022-04-01



रायगढ़ (वीएनएस)। ट्रिपल मर्डर केस का शुक्रवार को रायगढ के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना ने रायगढ के पत्रकारों से रूबरू होकर अपने कार्यालय में खुलासा किया और बताया31 मार्च के करीब 11-12 बजे के मध्य थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक ए.के. बेक को सूचना मिली ग्राम धवईडांड, चाल्हा के निकट फांदापाली जंगल में वृद्ध महिला समेत एक ही परिवार के तीन लोगों के  शव उनके झाला (लकड़ी,पत्तों से बना झोपड़ी) के बाहर पड़े हैं ।
थाना प्रभारी कापू ने तत्काल सूचना से एसपी, एएसपी और एसडीओपी धरमजयगढ़ को अवगत कराकर अपने स्टाफ के साथ मौके के लिये रवाना हुये। घटनास्थल पर ग्राम धवईडांड महिला दुहनीबाई (65 साल), उसके बेटे अमृत लाल (24 साल) और उसकी नतनी अमृता बाई (13 साल) का शव पड़ा हुआ मिला जिनके सिर और शरीर पर चोट के निशान पाये गये। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होने पर तत्काल मर्ग जांच करते हुए हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के क्रम में मृतकों के वारिशानों और गांव के लोगों से पूछताछ की । जांच की टीम पहुंची प्रारंभिक पूछताछ में फूलसाय और उसकी पत्नी टुनी बाई से पृथक-पृथक पूछताछ की गई तब उसके गोल मोल जवाब देने पर संदेह होने पर पुलिस की एक टीम उनके मूल गांव चाल्हा पहुंचे। जहां फूलसाय का बेटा विकेश अगरिया और विकेश की पत्नी कौशल्या अगरिया मिले । दोनों पति-पत्नी से हिकम्मत अमली से पूछताछ करने पर घटना का वृतांत और सच सामने आ गया। आरोपी विकेश अगरिया पुलिस को दिये अपने मेमोरेंडम बयान में बताया कि पिछले 5-6 साल से धवईडांड के फांदापाली जंगल में अपने मामा सुखसाय के खेत के पास महुआ बीनते आ रहे हैं ।
बगल में मामा अमृतलाल अगरिया (मृतक) का खेत लगा हुआ है। वहां अमृतलाल अगरिया अपनी मां दुहनीबाई और कु. अमृता बाई के साथ इस साल झाला लगाकर रुकेलगाकर रुके हुए थे। सुखसाय जो अमृतलाल का बडा साला है, सुकसाय अपनी बहन टुनी बाई और उसके पति फुलसाय के परिवार को अपने हिस्से की जमीन के आसपास उपयोग करने बोला था। इसके कारण पहले भी अमृत लाल के परिवार के साथ विवाद हुआ था और नानी दुहनीबाई पर शंका था कि कुछ जादू टोना करती है जिसके कारण पत्नी कौशल्या को बच्चा नहीं हो रहा है और मेरा भी हमेशा तबीयत खराब रहता था, चक्कर आता था। बुधवार 30 मार्च को रात करीब 6-7 बजे अपने पिता फुलसाय मां टुनी बाई और पत्नी कौशल्या के साथ झाला में बैठकर खाना सब्जी बना रहे थे । उसी समय नानी दुहनीबाई उसकी नतनी अमृता को लेकर झाला में घूमने आई।
सब लोग बैठकर घरेलू बातचीत कर रहे थे। तभी नानी दुहनीबाई बोली की बहू कौशल्या का बच्चा कैसे नहीं हो रहा है ।इस बात पर नानी पर गुस्सा आ गया और तुम्हारे कारण बाल बच्चे नहीं हो रहे हैं कहकर गुस्से में आकर पास रखें टांगी के पासा (टांगी के पीछे का हिस्सा) से नानी दुहनीबाई के सिर में 3-4 बार मारा और उसकी नतनी अमृता बाई को भी टांगी के पास 4-5 बार मारा। दोनों वहीं मर गए जिसके बाद पिता फुलसाय के साथ अमृतलाल अगरिया के झाला में गया। जहां अमृतलाल अगरिया महुआ पीकर लेटा था। सोते हालत में उसे टांगी के पासा से 3-4 बार मारा पिताजी फुलसाय लकड़ी के डंडे से अमृतलाल के छाती में मारा जिससे तत्काल उसकी मृत्यु हो गई। उसके तुरंत बाद अपने पिता मां और पत्नी के साथ मिलकर अमृतलाल, दुहनीबाई, अमृता के शव को उनके झाला के बाहर ले जाकर लेटा दिए और अमृता के सिर पर वही चूल्हा के पास पड़े पत्थर रख दिए और सब वापस झाला आ गए। मां टुनी बाई और पत्नी कौशल्या हमारे खून लगा कपड़ा और खून लगा चटाई को चूल्हा में जला दिए और टांगी को बोर के पास कीचड़ छुपा कर रख दिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एवं आरोपियो से घटना में प्रयुक्त हथियान की जप्ती की गई है ।
जप्त आलाजरब– हत्या में प्रयुक्त टांगी, डंडा और पत्थर
गिरफ्तार आरोपी– (1) विकेश अगरिया पिता फुलसाय 21 वर्ष (2) फुलसाय अगरिया पिता जगर साय 50 वर्ष (3) टुनी बाई अगरिया 46 वर्ष (4) कौशल्या अगरिया पति विकेश उम्र 19 वर्ष सभी ग्राम चाल्हा थाना कापू जिला रायगढ़। एसपी अभिषेक मीना के कुशल नेतृत्व और दिशा निर्देशन पर इस अंधे कत्ल का 24 घंटों के भीतर खुलासा करने में एडिशनल एसपी लखन पटेल, एसडीओपी धर्मजयगढ़ दीपक मिश्रा, सीएसपी योगेश पटेल, प्रशिक्षु आईपीएस प्रभात कुमार के नेतृत्व वाली टीम में शामिल थाना प्रभारी घरघोड़ा अमित सिंह, थाना प्रभारी धरमजयगढ़ विजय पैकरा, थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक ए.के. बेक, एफएसएल फिंगर प्रिंट टीम, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और कापू/ धरमजयगढ़ स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है ।