गरियाबंद (वीएनएस)। कलेक्टर नम्रता गांधी ने शुक्रवार की सुबह विकासखंड मैनपुर में शासन की संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने मैनपुर के ग्राम पंचायत बोइरगांव के आश्रित ग्राम बेहराडीह में निवासरत अति पिछड़ी कमार जनजाति के बीच पहुंचकर ग्राम में संचालित विकास कार्यों गौठान, नर्सरी, तालाब, स्कूल, छात्रावास इत्यादि का अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। ग्राम बेहराडीह के ग्रामीणों और स्व सहायता समूह की महिलाओं ने औचक रूप से अपने बीच कलेक्टर को पाकर खुशी जाहिर करते हुए आत्मीय स्वागत किया। निरीक्षण दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोक्तिमा यादव, वन मंडलाधिकारी मयंक अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद थे।
कलेक्टर नम्रता गांधी ने ग्राम बेहराडीह में 50 एकड भूमि में आगामी कार्ययोजना के तहत फलदार पौधे, औषधीय पौधे, तालाब निर्माण, डबरी निर्माण, बोर खनन, जैसे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर शुरू कराये जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही इस योजना में वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी, मनरेगा, मत्स्य विभाग को अभिसरण के माध्यम से ग्राम के सर्वागीण विकास और अधिक से अधिक आजीविका प्रदाय करने के लिए दिशा निर्देश प्रदाय किया। कलेक्टर ने ग्राम बेहराडीह में संचालित आदिवासी छात्रावास का निरीक्षण कर कम्प्यूटर कक्ष, रसोई कक्ष इत्यादि का अवलोकन किया और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर सरपंच व सचिव को शीघ्र पूर्ण करने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने जनपद में संचालित आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माणाधीन नवीन कक्षाओं भी जायजा लिया गया। वन विभाग ने संचालित दोना पत्तल इकाई का भी अवलोकन कर इकाई में कार्य कर रही समूह की महिलाओं को अधिक से अधिक आजीविका करने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने विकासंखण्ड में मशरूम व नर्सरी केन्द्र को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को दिशानिर्देश प्रदान किया ताकि गौठानों में कार्य कर रही महिलाओं को प्रशिक्षण व अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा सके। निरीक्षण दौरान विकासखंड स्तर से अनुविभागीय अधिकारी सूरज साहू, सीईओ मैनपुर अनुपम टोप्पो, उप संचालक कृषि संदीप भोई सहित बिहान, मनरेगा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, आदिवासी कल्याण सहित समस्त विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।