धमतरी (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन ने शहर के मोहल्लों में अस्पताल खोलने की तैयारी पूर्ण कर ली है। धमतरी नगर निगम के 6 वार्डो में बहुत जल्द मोहल्ला क्लिनिक खुलेगा जहां से लोग अपना इलाज करा सकेंगे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरूवार को रायपुर में हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर प्रत्येक नगर निकाय क्षेत्रों में खोलने का शुभारंभ किया। इस योजना का लाभ अब धमतरी नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले हर परिवार के सदस्यों को मिलेगा। मोहल्ला क्लिनिक एक छोटा अस्थाई अस्पताल के रूप में होगा। जिसे खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के 6 वार्ड अधारी नवागांव, बांसपारा, टिकरापारा, सुभाषनगर, गोकुलपुर, जोधापुर में खुलेगा। बाद में 6 और वार्डों में अस्पताल खोलने की योजना है। मोहल्ला क्लिनिक में एमबीबीएस डॉक्टर और अस्पताल से संबंधित स्टाफ मौजूद रहेंगे। इस संबंध में महापौर विजय देवांगन ने बताया कि मोहल्ला क्लिनिक खोलने के लिये तैयारी चल रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री आम लोगों के स्वास्थ्य के प्रति बेहद गंभीर है।
मुख्यमंत्री ने पहले अस्पताल मोबाइल, लैब और डॉक्टरों की सुविधा की शुरूआत की, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। इसके अलावा मुफ्त में दवा भी दिया जा रहा है। जेनरिक दवाओं के लिये मेडिकल सुविधा शुरू की गई। सर्वसुविधा डायग्नोसिक सेंटर खोलने की भी तैयारी चल रही है। मोहल्ला क्लिनिक के माध्यम से लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी।