बालोद (वीएनएस)। डौण्डी विकासखंड के ग्राम कुसुमटोला अंतर्गत चिरकन बांध निर्माण के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी कराने के संबंध में कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर, वनमंडल अधिकारी आयुष जैन और जल संसाधन विभाग के कायर्पालन अभियंता जे.के. चन्द्राकर की संयुक्त बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई। बैठक में चिरकन बांध के निर्माण में 03.57 हेक्टेयर प्रभावित हो रही वनभूमि के व्यपवर्तन पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने बांध निर्माण केलिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। बैैठक में जल संसाधन विभाग के अन्य लंबित प्रस्ताव पर भी वन व पर्यावरण क्लीयरेंस के संबंध में समीक्षा की गई।
जल संसाधन विभाग के कायर्पालन अभियंता ने बताया कि वन विभाग के प्रचलित नियमों के तहत ऑफलाइन पंजीयन वर्ष 2015 में कराया गया था। लेकिन वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत व्यपवर्तन प्रस्ताव आॅनलाईन किए जाने के फलस्वरूप पूर्व पंजीयन निरस्त हो गया था। उन्होंने बताया कि तत्पश्चात वन प्रकरण का आॅनलाईन पंजीयन के लिए प्रस्ताव अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक(भू-प्रबंध) को प्रस्तुत किया गया। जिस पर सात बिंदुओं पर निराकरण चाहा गया था। कायर्पालन अभियंता ने बताया कि जल संसाधन विभाग की ओर से उपरोक्त बिंदुओं का निराकरण कर 21 मार्च 2022 को भारत सरकार के वन व पर्यावरण मंत्रालय के पोर्टल में पुन: अपलोड किया गया है। प्रकरण परीक्षण अधीन है। पंजीयन क्रमांक आबंटन उपरांत वन व्यपवर्तन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। कायर्पालन अभियंता ने बताया कि भारत सरकार वन व पर्यावरण से वन प्रकरण की प्रथम व द्वितीय चरण की विधिवत स्वीकृति व प्रभावित वनभूमि के हस्तांतरण उपरांत निर्माण कार्य किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को स्थल का जायजा लेने के निर्देश दिए। बैठक में उप वनमंडल अधिकारी मिथुन डाहिरे, एस.डी.एम. डौण्डीलोहारा मनोज मरकाम, एस.डी.एम. गुण्डरदेही प्रेमलता चंदेल आदि मौजूद थे।