रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश में विद्युत विहीन स्कूलों और मजरा-टोल के विद्युतीकरण के साथ प्रदेश के 14 नगर निगम क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार के काम किए जा रहे हैं। स्कूल विद्युतीकरण योजना के तहत विगत तीन वर्षों में 11 करोड़ रूपए की राशि खर्च कर 1 हजार 798 स्कूलों का ग्रिड के माध्यम से विद्युतीकरण किया गया। इसी तरह मुख्यमंत्री मजरा-टोला विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत आंशिक रूप से विद्युतीकृत ग्रामों के मजरे-टोले और बसाहटों का विद्युतीकरण किया जा रहा है, जो राज्य में चल रही किसी अन्य योजना जैसे राजीव गांधी विद्युतीकरण, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में शामिल नहीं है। इस योजना के तहत विगत तीन वर्षों में 169 करोड़ रूपए व्यय कर 3 हजार 397 मजरे-टालों का विद्युतीकरण किया गया है।