जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल ने विगत दिवस विकासखंड दुलदुला व कुनकुरी के जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, समस्त जनपद सदस्य, राजस्व अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर पंचायतों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर निराकरण करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, एसडीएम रवि राही, संबंधित विकासखंड के जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास के लिए सभी अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने पंचायतों में पेयजल से संबंधित समस्या व बढ़े बिजली बिल कि शिकायत का गंभीरता से निराकरण करने के लिए कहा साथ ही पुल-पुलिया का निर्माण, सड़क की मरम्मत सहित अन्य निर्माण कार्य को वर्षा के पूर्व पूर्ण करने व भूमि जल संवर्धन के विकास के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांकन, सीमांकन, बटांकन के लंबित प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के लिए कहा। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों व्यक्तिगत रुचि लेने एवं नियमित रूप से प्रकरणों की सुनवाई करने की बात कही साथ ही पटवारियों को अविवादित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के लिए पंचायतों में ग्रामीणों की बैठक लेकर बी-वन का वाचन करने के निर्देश दिए।