तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम : जिले में 11 दुकानों पर हुई चालानी कायर्वाही

Posted On:- 2022-04-01



सुकमा (वीएनएस)। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शहर को धूम्रपान मुक्त बनाने के लिए जिला मुख्यालय में चालानी कायर्वाही की गयी। इस दौरान जिला प्रवर्तन दल की ओर से बस स्टेशनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज की परिधि में तम्बाकू उत्पाद बेंचने पर सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम, 2003, (कोटपा) अंतर्गत कारर्वाई की गई।

इस संबंध में जिला मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सी.बी.पी. बंसोड़ ने बताया कि जिले के शहरी क्षेत्रों को तंबाकू-मुक्त क्षेत्र बनाये जाने के तहत यह चालानी कारर्वाई की गई है। सुकमा के बस स्टेशनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज की परिधि पर स्थित दुकानों में कोटपा के प्रावधानों का पालन नहीं करने पर कोटपा की धारा 4 व 6 अंतर्गत कुल 11 दुकानों पर चालान किये गए व 1,450 रुपए की चालानी कारर्वाई की गई। साथ ही दुकानदारों को प्रतिबंधित पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए गठित कानून के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस कायर्वाही का उद्देश्य कोटपा की धाराओं को शहरी क्षेत्रों में लागू करना है। कारर्वाई के दौरान पान स्टाल पर धूम्रपान किया जा रहा था व बिना चेतावनी चिन्ह के तम्बाकू पदार्थों को बेचा जा रहा था। इस संबंध में दुकान के मालिक सहित वहां पर आए लोगों को भी कोटपा के बारे में जागरूक कराया गया। उक्त चालानी कायर्वाही सुनील पाण्डा(ड्रग इंस्पेक्टर), पंकज नाग (खाद्य व औषधि विभाग), डॉ.अभिषेक झा (एनटीसीपी नोडल आॅफिसर) के नेतृत्व में किया गया।

कोटपा की धाराएं : सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार तथा वाणिज्य, उत्पादन, प्रदाय और वितरण का विनियम) अधिनियम, 2003, को कोटपा के नाम से भी जाना जाता है। कोटपा की धारा 4 के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान अपराध है। सार्वजनिक स्थानों के प्रभारी /मालिक हर प्रवेश द्वार व हर मंजिल से सुस्पष्ट स्थान पर एक काले धुएं के साथ सिगरेट अथवा बीड़ी के चित्र को काटती हुए प्रदर्शित होगी। बोर्ड के नीचे प्रभारी/मालिक (जिसके पास उल्लंघन की शिकायत की जानी है) का नाम व फोन नंबर लिखा हो, यदि सार्वजनिक प्रभारी/मालिक उल्लंघन करने पर कारर्वाई नहीं करता है, तो उस पर व्यक्तिगत अपराधों की संख्या के समतुल्य जुर्माना लगाया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर (स्मोकिंग एड) सिगरेट, लाइटर व बीड़ी सिगरेट जलाने के लिए उपकरण (माचिस) उपलब्ध नहीं करवाये जाएंगे। केवल 30 कमरों से ज्यादा वाले होटल, 30 व्यक्तियों से ज्यादा बैठने की क्षमता वाले भोजनालय एवं एयरपोर्ट में अलग स्मोकिंग जोन बनाया जा सकता है, लेकिन वह केवल कानूनी प्रावधानों के अनुरूप ही बनाया जा सकता है। उक्त नियमों के उल्लंघन पर 200 रुपए तक का जुर्माना किया जा सकता है।

कोटपा की धारा 5 के तहत तंबाकू पदार्थों के प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष विज्ञापन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित हैं। तंबाकू पदार्थों को बेचने वाली दुकान पर काले अक्षरों में सफेद पृष्ठभूमि का बोर्ड लगा सकते हैं, जिस पर तंबाकू से कैंसर होता है लिखा होना चाहिए। तंबाकू पदार्थों को बेचने वाली दुकान पर लगे बोर्ड चमकदार (बिजली युक्त) नहीं होना चाहिए। टेलीविजन व फिल्मों में तंबाकू के दृश्यों को दिखाना अपराध है।

धारा 6 के तहत 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लोगों को/ के द्वारा तम्बाकू पदार्थ बेचना अपराध है। नाबालिगों को तंबाकू-पदार्थ बिक्री स्थान पर दिखाई नहीं देना चाहिए। बिक्री के स्थान पर एक 60:30 का बोर्ड लगाना आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू पदार्थ बेचना अपराध है। उक्त नियमों के उल्लंघन पर एक से पांच 5वर्ष की कैद या/और 1,000 रुपए से 5,000 रुपए का जुर्माना लगाया जा सकता है।