रायपुर (वीएनएस)। शहर के 77 वर्षीय तेजकरण बैदमुथा 3 अप्रैल को संयम जीवन अंगीकार कर जैन संत बन जाएंगे। इस मौके पर छत्तीसगढ़ प्रवर्तक गुरुदेव रतन मुनि मसा के सानिध्य में चरौदा स्थित मंगल साधना केंद्र में तीन दिवसीय भव्य दीक्षा महोत्सव का आयोजन किया गया है। इसके लाभार्थी श्रीमति शकुंतला हुकमचंद पटवा, अशोक, कमल, ललित पटवा परिवार हैं।
दीक्षा महोत्सव समिति के अध्यक्ष ललित पटवा ने बताया कि तीन दिवसीय दीक्षा महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को हुई। इस मौके पर समाज के बच्चों ने दीक्षार्थी की अनुमोदना में शानदार भक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं महिलाओं और पुरुषों ने भी पूजा-अर्चना और भक्ति कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पटवा ने बताया कि महोत्सव के तहत शनिवार को दोपहर 2.30 बजे गुरुदेव द्वारा नववर्ष का मंगल पाठ किया जाएगा। इसके बाद संयम शोभायात्रा निकाली जाएगी। फिर राखी, मायरा और अभिनंदन गीतों के साथ दीक्षार्थी की अनुमोदना की जाएगी। शाम 7.30 बजे से एक शाम, संयमी के नाम... कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दीक्षा महोत्सव में शामिल होने वाले समाजजनों के लिए गौतम प्रसादी की व्यवस्था की गई है।