न
ई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के बीच आज नई दिल्ली में प्रतिनिधिमण्डल स्तर की वार्ता हुई। बैठक में दोनों नेताओं ने आपसी साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की तथा सहयोग का और अधिक विस्तार करने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने कई परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने बिहार के जयनगर और नेपाल के कुरथा के बीच यात्री रेलगाडी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने संयुक्त रूप से सोलू कॉरीडोर- 132 केवी क्षमता की बिजली पारेषण लाइन और भारत सरकार की ऋण साख के तहत नेपाल में बनाये गये बिजली उप-केन्द्र का भी उद्घाटन किया। दोनों नेताओं ने नेपाल में रूपे कार्ड की शुरूआत की। इस अवसर पर चार समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए।