आत्मनिर्भर बनकर महिलाओं ने बढ़ाया है जिला और प्रदेश का मान : रंजना

Posted On:- 2022-04-02



धमतरी (वीएनएस)। केंद्रीय पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्रालय ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बिहान एवं प्रोजेक्ट उन्नति के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी के तहत प्रोजेक्ट उन्नति से प्रशिक्षण लेकर धमतरी का नाम रोशन करने वाली ग्राम भानपुरी की नीतू साहू जिन्होंने मशरूम उत्पादन में और ग्राम सारंगपुरी निवासी फुलवंतीन कंवर ने मोमबत्ती निर्माण में हुनरमंद होकर आत्मनिर्भर हुई।दोनों को 24 मार्च को नई दिल्ली में केंद्र सरकार ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

उनके हौसले को बढ़ाने एवं उनको सम्मानित करने विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने स्वयं उनके गृह निवास पहुंचकर सम्मानित किया। विधायक ने नीतू साहू का सभी सामाजिक बंधुओं के समक्ष तेलीनसत्ती-भानपुरी परिक्षेत्र माता कर्मा जयंती पर सम्मान किया। फुलवंतीन कंवर का सम्मान उनके गृह ग्राम निवास में पहुंचकर साड़ी श्रीफल भेंट कर किया।

इस अवसर पर विधायक रंजना साहू ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री निरंतर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं लाई। जिससे आज हमारे धमतरी व छत्तीसगढ़ का मान आत्मनिर्भर बनकर महिला शक्तियों ने बढ़ाया है। मैं इन दोनों नारी शक्ति को नमन करती हूं, जो हम सब नारी शक्तियों की के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जब कुछ हासिल करने के लिए हम तत्परता और पूरी लगन से करते हैं, तो लक्ष्य जरूर मिलता है। उन्होंने अपनी विषम परिस्थिति का सामना करते हुए अपने आत्मबल पर कुछ कर गुजरने की ललक से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विधायक ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।