पहले अपनी हथेली तक नहीं दिखती थी, अब देख रहे हैं रंगीन दुनिया

Posted On:- 2022-04-02



रायपुर (वीएनएस)। उम्र के साथ बढ़ने वाला मोतियाबिंद (डेवलपमेंट कैटरेक्ट) से परेशान ग्राम दोंदेकला निवासी उधव राम यादव और दादू राम यादव दोनों 35 वर्षीय लगभग 12 वर्ष की आयु से डेवलपमेंट कैटरेक्ट उम्र के साथ बढ़ने वाला मोतियाबिंद) से परेशान थे।  यहां तक की वे दोनों नजदीक की चीज भी देखने में असमर्थ होने लगे थे। स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई और कहीं पर भी अकेला जाना संभव ही नहीं रहा। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग ने दोंदेकला में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जिसमें इनकी समस्या को समझा गया और नियमित उपचार से जोड़ा गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) दोंदेकला के नेत्र सहायक अधिकारी संजय पाटिल बताते है, "दोनों मरीजों के आँख में डेवलपमेंट कैटरेक्ट गंभीर स्तर का पाया गया टीम ने उनको डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रायपुर मेकाहारा पहुंचाया गया जहां मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया गया।

"डेवलपमेंट कैटरेक्ट एक जटिल प्रक्रिया हो जाती है जिसमें दृष्टि का स्तर काफी कम होता है। अगर समय पर ऑपरेशन नहीं होता तो दृष्टि जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था," पाटिल ने कहा।

उधव राम यादव बताते है कि जब वे 12 साल के थे उनकी देखने की क्षमता धीरे-धीरे खत्म होती चली गई पहले तो कुछ समझ में नहीं आया लेकिन बाद में जब प्राइवेट अस्पतालों में दिखाया तो पता चला मोतियाबिंद है। इलाज का काफी खर्चा था आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण वे इलाज नहीं करवा पाए।

वही दादू राम यादव बताते हैं कि जब उनकी आयु 11 वर्ष थी तब से वह इस समस्या से जूझ रहे हैं धीरे-धीरे दिखना बंद हो गया। हाथ की उंगलियां भी नहीं दिखती थी प्राइवेट अस्पताल में जाकर दिखाया तो उन्होंने बताया कि दादू राम की  आंख की रोशनी मोतियाबिंद के कारण चली गई है और इसके इलाज में काफी खर्च आएगा इसी डर के कारण वे दोबारा अस्पताल नहीं गए। "फिर एक दिन हमारे ग्राम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) दोंदेकला द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।  जिसमें हमारी आंख की जांच की गई और उन्होंने हमें बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है, आप का इलाज शासकीय अस्पताल में नि:शुल्क किया जाएगा। प्राथमिक जांच के उपरांत हमारे मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया तीसरे दिन हमें छुट्टी दी गई है पहला दिन जांच में लगा दूसरे दिन में ऑपरेशन हुआ तीसरे दिन पट्टी खोली और आज हम अपने घर जा रहे हैं अब हम बेहतर और रंगीन दुनिया देख सकते हैं।"

नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संतोष सिंह पटेल बताते हैं “अज्ञानता और सही इलाज ना मिलने के कारण, लोगों में तरह-तरह की भ्रांतियां विकसित हो जाती है । डेवलपमेंट कैटरैक्ट के रोगी को दिनचर्या के काम करने में भी परेशानी आने लगती है उसे दूसरे पर निर्भर हो जाना पड़ता है । लेकिन इसका इलाज है यदि आंख में किसी भी प्रकार की समस्या महसूस हो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। "राज्य में अब आंखों के लिए भी राज्य स्तरीय नेत्र चिकित्सालय माना में बनाया गया है। जहां पर फेको फोल्डेबल के माध्यम से एडवांस टेक्नोलॉजी में ऑपरेशन की सुविधा संभव है। ऑपरेशन से पूर्व प्राथमिक जांच की गई प्राथमिक जांच के उपरांत ऑपरेशन किया गया,"डॉ. संतोष सिंह ने कहा।

उन्होंने आगे बताया कि उनकी टीम ने सफल ऑपरेशन सुरक्षित रूप से किया गया जिसमें कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए ऑपरेशन पूर्ण हुआ।

नेत्र सुरक्षा के लियें क्या करें: 40 वर्ष से ऊपर की आयु वर्ग के लोगों को साल में दो बार नेत्र विशेषज्ञ से नेत्र की जांच करानी चाहिए, बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखना, आंखों को दिन में कम से कम पांच बार धोना नियमित रूप से जल का सेवन करना और आंख की सुरक्षा हेतु बिना जानकारी के कोई भी दवा या चश्मे का प्रयोग नहीं करना चाहिए।