धमतरी (वीएनएस)। चैत्र नवरात्रि 2 अप्रैल शनिवार से शुरू होकर 10 अप्रैल रविवार तक चलेगी। इस दौरान देशभर में नवरात्रि के 9 दिनों में देवी मां के 9 स्वरूपों की पूजा की जाएगी। मान्यता है कि नवरात्रि में मां दुर्गा के 9 रूपों की पूजा करने से खास कृपा बरसती है। इस दौरान लगभग हर नवरात्रि करने वालों के घर में घटस्थापना या कलश स्थापना की जाती है।
धमतरी अंचल के देवी मंदिरों में भी शनिवार सुबह से ही श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे। लगभग सभी मंदिरों में शाम को ज्योति कलश प्रज्ज्वलित की जाएगी। पहले दिन हिंदू नव वर्ष, गुड़ी पड़वा, चेट्रीचंड जैसे त्यौहार होने के कारण लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। कोरोना काल की वजह से पिछले 2 वर्षों में मंदिर सुनसान नजर आता था, लेकिन इस बार चहल-पहल अधिक रहेगी। नवरात्र के दौरान गर्मी भी अपने प्रचंड पर रहेगा।
नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम रूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। हिमालय की पुत्री होने के कारण मां को शैलपुत्री नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां शैलपुत्री की पूजा करने से अच्छा स्वास्थ्य और मान-सम्मान मिलता है। मां शैलपुत्री की पूजा करने से उत्तम वर की प्राप्ति भी होती है। मां शैलपुत्री को सफेद वस्त्र अतिप्रिय होते हैं। इस दिन मां को सफेद वस्त्र या सफेद फूल अर्पित करें।