रायपुर (वीएनएस)। वन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र कबीरधाम के लिए राज्य सरकार के चिकित्सा शिक्षा विभाग को बड़ा प्रस्ताव भेजा है। मंत्री अकबर ने कवर्धा में मेडिकल कालेज खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा है, जिस पर सरकार की तरफ से कार्रवाई शुरू हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया, मंत्री मोहम्मद अकबर ने कवर्धा में मेडिकल कालेज खोले जाने का प्रस्ताव चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजा है, जिस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, चिकित्सा महाविद्यालय खोलने के लिए तकनीकी शर्त यह है कि जिस स्थान पर मेडिकल कालेज खोला जाना है वहां कॉलेज से सम्बद्ध एक 300 बिस्तरों का अस्पताल होना चाहिए, लेकिन कवर्धा जिला अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 300 से कम है। इसलिए राज्य सरकार पहले जिला अस्पताल में बिस्तरों को संख्या बढ़ाएगी, फिर मेडिकल कालेज के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।