मुठभेड़ के बाद लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

Posted On:- 2022-04-03



श्रीनगर (वीएनएस)। सुरक्षाबलों ने शनिवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पड़ने वाले बीजबेहाड़ा में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को गिरफ्तार कर लिया। आतंकी ने सुरक्षाबलों से बचने के लिए गोली भी चलाई, लेकिन वह पकड़ा गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने सेना के जवानों के साथ मिलकर बीजबेहाड़ा में एक नाका लगाया। पुलिस को खबर मिली थी कि एक आतंकी बीजबेहाड़ा में एक विशेष जगह पर आने वाला है। नाका पार्टी ने संदिग्ध तत्वों की निगरानी शुरू कर दी। रात करीब आठ बजे नाका पार्टी ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में आते देखा। उक्त युवक ने जैसे ही नाका देखा कि वह पीछे मुड़ कर भागने लगा।

नाके पर तैनात जवानों ने उसका पीछा किया। इस पर उसने पिस्तौल से जवानों पर फायर किया, लेकिन जवानों ने खुद को बचाते हुए बड़ी होशियारी से आतंकी को पकड़ लिया। पकड़े गए आतंकी की पहचान शीर अहमद गनई के रूप में हुई है। वह बीजबेहाड़ा के हसनपोरा तबेला इलाके का रहने वाला है। वह कुछ समय पहले ही लश्कर-ए-तैयबा में भर्ती हुआ था। उससे पूछताछ की जा रही है।

इसी बीच एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उक्त आतंकी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां हासिल हुई हैं। जल्द ही लश्कर-ए-तैयबा आतंकी संगठन के अन्य मददगारों को भी पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए विभिन्न टीमों का गठन आज कर लिया जाएगा। यहां यह बता दें कि कश्मीर में इन दिनों पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग काफी उत्साहित हैं। इस समय कश्मीर में पर्यटक बिना किसी डर के पहुंच रहे हैं और ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा में सुरक्षा एजेंसियां और जम्मू-कश्मीर पुलिस कोई चूक नहीं चाहती है। जगह-जगह सुरक्षाबल तैनात हैं। ड्रोन से भी सुरक्षा एजेंसियां नजर रखे हुए हैं ताकि अगर कोई संदिग्ध दिखे तो त्वरित उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।