चुनाव के नतीजे देखने टावर पर चढ़ गए थे जीपी सिंह, 3 निलंबित...

Posted On:- 2022-04-03



रायपुर (वीएनएस)। आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल में बंद निलंबित आईपीएस जीपी सिंह के टावर में चढ़ने के मामले में एसीबी और ईओडब्ल्यू ने जेल प्रशासन से लिखित ब्यौरा मांगा है। वहीं टावर तक पहुंचाने वाले सेल इंचार्ज और ड्यूटी इंचार्ज सहित तीन को निलंबित कर दिया गया है। केशव सिंह, मंगल सिंह और फिरतराम यादव को निलंबित किया गया है। वहीं अब जीपी सिंह के सेल की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

घटना हाल ही की है, जीपी सिंह ने पंजाब विधानसभा चुुनाव का परिणाम देखने की इच्छा जाहिर की थी। जीपी सिंह को जिस सेल में रखा गया है। उसके बगल में तीन मंजिला टावर है जहां से प्रहरी जेल की निगरानी करते हैं। ड्यूटी पर तैनात प्रहरी ने दूसरे माले में चढ़ा दिया।

टावर के दूसरे माले में जाकर जीपी सिंह ने तकरीबन आधे घंटे टीवी में चुनावी महौल देखा। इसके बाद वह नीचे आ गए। उस दिन जेल के उच्च अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। दूसरे दिन जब पता चला तो तत्काल प्रभाव से तीन को निलंबित कर दिया गया।

घटना के बाद जब अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो तत्काल सीसीटीवी फुटेज देखे गए। अफसरों के मुताबिक सेंट्रल जेल परिसर के भीतर चारों किनारों पर टावर लगे हैं। जहां जेल प्रहरी चौबीस घंटे ड्यूटी पर रहते हैं। यह क्षेत्र बंदियों के लिए प्रतिबंधित होता है। इसके बाद भी जीपी सिंह को उनके कहने पर टावर में चढ़ाया गया। सारा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसके बाद अधिकारियों ने लापरवाही करने वाले प्रहरियों को निलंबित कर दिया।