धमतरी (वीएनएस)। पीडीएस का चावल खपाने की शिकायत पर अधिकारियों की टीम ने शनिवार की रात तीन प्रतिष्ठानों में छापा मार कार्यवाही की। अधिकारियों का कहना है कि छापे में कहीं पर भी पीडीएम का चावल नहीं मिला। राशन दुकान में एक रूपए किलो बिकने वाले चावल को पन्द्रह रूपए किलो में खरीदकर प्रोसेसिंग बाद 30-35 रूपए किलो में बेचने और कस्टम मिलिंग के लिए उपयोग में लाने की शिकायत कुछ लोगों ने शनिवार को कलेक्टर से की।
कलेक्टर पी एस एल्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेकर एसडीएम डॉ विभोर अग्रवाल, तहसीलदार केतन भोयर, खाद्य निरीक्षक नरेश पीपरे की टीम को छुट्टी के दिन छापामारी के लिए भेजा। अधिकारियों की टीम श्यामतराई स्थित राईस प्रोसेसिंग प्रतिष्ठान पहुंची। जहां जांच में बिहार, पं बंगाल का चावल पाया गया। मिल मालिक ने जांच अधिकारियों को उसका बिल प्रस्तुत किया। इसी तरह इतवारी बाजार के पास चावल दुकान में भी दबिश दी गई । यहां भी मौके पर राशन दूकान का चावल नहीं मिला।
अधिकारियों की टीम ने बस स्टैैण्ड के पीछे स्थित राईस मिल में छापा मारा यहां भी पीडीएस का चावल नहीं मिला। जांच अधिकारी एसडीएम विभोर अग्रवाल का कहना है कि तीन जगहों पर छापा मारा गया था। किसी भी जगह पीडीएस का चावल नही मिला है। एक राईस मिल में बिहार, पं बंगाल का चांवल पाया गया जिसका बिल था।