इस्लामाबाद (वीएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से संसद भंग करने की सिफारिश ने सबको हैरत में डाल दिया। इसके पहले ही नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी आज के सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 5 के विपरीत करार दिया था।
इमरान खान ने इसके लिए रविवार को राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से सिफारिश की थी। अब पाकिस्तान में चुनाव होना निश्चित है। राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री इमरान खान ने बताया था कि राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से नेशनल असेंबली को भंग करने की सिफारिश कर दी गई है। इसके बाद खबर है कि विपक्ष सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने जा रहा है।
90 दिनों के भीतर होगा चुनाव : देश के सूचना और प्रसारण मंत्री फार्रुख हबीब ने बताया कि राष्ट्रपति अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान की सिफारिश पर संसद को भंग कर दिया है। उन्होंने बताया कि 90 दिनों के भीतर चुनाव होगा। सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि कैबिनेट भंग कर दिया गया है। 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री इमरान खान को बहुमत नहीं मिल सका।