महोत्सव में गौरव मुनि को उप प्रवर्तक के पद से नवाजा
Posted On:- 2022-04-03
रायपुर (वीएनएस)। चरौदा के मंगल साधना केंद्र में रविवार को ऐतिहासिक दीक्षा हुई। ऐतिहासिक इसलिए क्योंकि यहां होनी तो एक दीक्षा थी, लेकिन हुई दो। एकाएक बनी इस परिस्थिति से लोग आश्चर्यचकित भी हुए और उत्साहित भी। संयम पथ के प्रति दीक्षार्थियों के ऐसे समर्पण ने समाज की खुशियां दोगुनी कर दीं। मंगलम् दीक्षा महोत्सव समिति के अध्यक्ष ललित पटवा ने बताया कि रायपुर के 77 वर्षीय तेजकरण बैद की दीक्षा के लिए रविवार को चरौदा स्थित मंगलम साधना केंद्र में भव्य तैयारियां की गई थीं। इससे पहले शनिवार शाम ही समाजजनों को आचार्य शिव मुनि का एक पत्र प्राप्त हुआ जिसमें महाराष्ट्र के अमित लाहोटी को भी दीक्षा देने की सहमति दी गई थी।
इसके बाद छत्तीसगढ़ प्रवर्तक रतन मुनि ने रविवार को दोनों मुमुक्षुओं की दीक्षा एक साथ संपन्न कराई। समिति के सचिव सचिव टीकमकचंद छाजेड़ और कोषाध्यक्ष अनिल कुचेरिया ने बताया कि दीक्षा से पहले मुमुक्षुओं का केश लोचन कर वेश बदला गया। इस दौरान परिवारजनों ने उन्हें अश्रुपुरित विदाई दी। करीब 2 हजार लोग इस ऐतिहासिक महोत्सव के साक्षी बने। यहां गौतम प्रसादी की व्यवस्था भी की गई थी जिसके लाभार्थी शकुंतला हुकमचंद, अशोक, कमल, ललित पटवा परिवार रहे।
गौरव मुनि को उप प्रवर्तक की पदवी से नवाजा: महोत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रवर्तक रतन मुनि म. सा. के सुशिष्य गौरव मुनि म.सा. को उप प्रवर्तक की पदवी से नवाजा गया। उनके अलावा साध्वी चंद्रप्रभा म.सा. को शासन प्रभाविका की उपाधि प्रदान की गई। इस महोत्सव में साध्वी निपुणा की शिष्याएं रम्यकगुणा , हंसकीर्ति , जयकीर्ति , कैवल्यधाम में विराजित ऋषभ सागर भी मौजूद रहे। सभी ने समाजजनों को संयम जीवन की प्रेरणा दी। इस दौरान ललित पटवा ने शानदार तरीके से मंच का संचालन करते हुए समाजजनों को कार्यक्रम से जोड़े रखा। वहीं गायक राहुल झाबक ने अपने भजनों से ऐसा समा बांधा कि लोग भाव विभोर होकर झूमने लगे।
चातुर्मास की घोषणा, भोजनशाला का उद्घाटन भी: दुर्ग श्रमण संघ के अध्यक्ष निर्मल बाफना ने बताया कि महोत्सव में चातुर्मास की घोषणा भी की गई। तय हुआ है कि रतन मुनि आदि ठाणा का चातुर्मास चरौदा के मंगल साधना केंद्र में होगा। उनके अलावा गौरव मुनि आदि ठाणा अकोला पार्श्वनाथ तीर्थ, साध्वी चंद्रप्रभा आदि ठाणा का चातुर्मास टाटा नगर में होगा। इस मौके पर कई धर्मार्थ कार्यों के लिए लाखों रुपए की बोली भी लगाई गई। इसमें गुरु रतन भोजनशाला के लिए मुख्य बोली का लाभ तेजमल, विमल कुमार नवीन कुमार पटवा परिवार ने उठाया। इनके अलावा गुरु देव रतन मुनि के 90वें जन्मदिवस और 49वें दीक्षा दिवस पर उन्हें शॉल ओढ़ाने का लाभ मातोश्री जमुना बाई निर्मल बाफना परिवार ने लिया।
इसी तरह अन्य बोलियों का लाभ पाररसमल किशोर कुमार राजेंद्र कुमार संचेती परिवार दुर्ग, प्रवीण कुमार श्रीश्रीमाल परिवार दुर्ग, मदन लाल भंवरी बाई अविनाश चौरड़िया परिवार धमतरी, रवींद्र अमित बैद परिवार चंद्रपुर, स्व. सायर बाई, भंवरलाल, अशोक झामड़ परिवार रायपुर, प्रेमचंद श्रीश्रीमाल परिवार साजा बीजा, सुरेश, संदीप, सुबोध सिंघी परिवार रायपुर, जीसी जैन कीर्ति जैन कमलेश जैन परिवार रायपुर, मोहनी देवी गेंदमल पारख परिवार डौंडीलोहारा, मिलापचंद छाजेड़ परिवार भिलाई, शंकरलाल मनोज कुमार बोहरा परिवार अहिवारा ने लिया।
कमल पटवा को सौंपा गया मंगलम् का प्रभार : महोत्सव के समापन के बाद मंगल साधना केंद्र के ट्रस्टियों की एक बैठक रखी गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ श्रमण संघ के अध्यक्ष कमल पटवा को सर्वसम्मति से मंगल साधना केंद्र का प्रभार सौंपा गया। अब उन्हीं की देखरेख में मंगल साधना केंद्र का विस्तार किया जाएगा।