मध्य एशियाई देशों के साथ कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना भारत की प्रमुख प्राथमिकता : कोविंद

Posted On:- 2022-04-04



नई दिल्ली (वीएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि मध्य एशियाई देशों के साथ कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना भारत की प्रमुख प्राथमिकता है। श्री कोविंद तुर्कमेनिस्तान की अपनी यात्रा के तीसरे दिन आज अश्गाबात में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल रिलेशन्स में  युवा राजनयिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत अंर्तराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे और अश्गाबात समझौते का सदस्य है। उन्होंने कहा कि ईरान में चाबहार बंदरगाह को शुरू करने के कदम उठाए गए हैं जिससे मध्य एशियाई देशों की समुद्र तक निर्बाध, अनुकूल, सुरक्षित पहुंच हो सकेगी। उन्होंने कहा कि भारत कनेक्टिविटी बनाने, इसमें निवेश करने और सहयोग करने के लिए तैयार है। श्री कोविंद ने कहा कि भारत सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखण्डता का सम्मान करता है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया में एक प्रमुख अर्थव्यवस्था के तौर पर उभरा है और भारत की प्रौद्योगिकी क्षमता ने वैश्विक वार्ताओं को आकार दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति के प्रमुख स्तंभों में पड़ोसी पहले की नीति है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत का दर्शन अपने पड़ोंसियों के लिए अपने आर्थिक विकास के लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हिंद प्रशांत क्षेत्र वैश्विक आर्थिक गतिविधियों का केन्द्र है और भारत क्षेत्र में खुले, संतुलित नियम आधारित और स्थिर अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रपति ने कहा है कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय विदेश नीति का मुख्य क्षेत्र मध्य एशियाई देशों के साथ ऐतिहासिक संबंधों की पुर्नस्थापना रहा है। उन्होंने कहा है कि विकासशील देशों के तौर पर भारत और मध्य एशियाई देश आतंकवाद, उग्रवाद, कट्टरपंथ और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी साझी चुनौतियों का सामना करते हैं। दोनों पक्षों के इनसे निपटने के तौर तरीके और दृष्टिकोण भी समान है।