नई दिल्ली (वीएनएस)। युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल) द्वारा विकसित छह नई और दुर्लभ संदर्भ सामग्री (आर ऍम) का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में श्री ठाकुर ने कहा कि यह विकास भारत को डोपिंग रोधी विज्ञान में आत्मनिर्भर बनाएगा। उन्होंने कहा, इन आरएम की उपलब्धता से पूरे डोपिंग रोधी समुदाय को अपनी परीक्षण क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। श्री ठाकुर ने कहा कि इससे दुनिया भर में खेल नीति में निष्पक्ष खेल को बढ़ावा देने के लिए देशों के बीच आपसी सहयोग में भी मदद मिलेगी। एनडीटीएल ने कहा कि ये दुर्लभ संदर्भ (आरएम) दुनिया भर में वाडा से मान्यता प्राप्त सभी प्रयोगशालाओं में डोपिंग रोधी विश्लेषण के लिए आवश्यक रसायनों के स्वदेशी और शुद्धतम रूप हैं। इसमें कहा गया है कि इन आरएम को एनडीटीएल द्वारा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च और सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन के सहयोग से एक साल से भी कम समय में विकसित किया गया है।