पूरा नगर भगवामय हुआ जयघोषों से गूंज उठी दसों दिशाएं

Posted On:- 2022-04-04



महासमुंद (वीएनएस)। भारतीय नववर्ष (विसं.2079, युगाब्द 5124) के स्वागत का नगर में उत्साहपूर्ण वातावरण नजर आया। चैत्र शुक्ल प्रथमा (वर्ष प्रतिपदा) के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बागबाहरा मंडल शाखा और समस्त अनुषांगिक और हिन्दू संगठनों ने डी.जे., भगवा ध्वज और बैनर के साथ एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया। रैली के लिए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सूचना के अनुसार 4:30 बजे से ही दुर्गा मंदिर परिसर में जुटना प्रारम्भ हो गये थे।

दुर्गा मंदिर में माताजी और  श्री रामचन्द्र जी की पूजा अर्चना के पश्चात रैली का शुभारंभ हुआ। रैली श्री दुर्ग मंदिर से प्रारंभ होकर झलप चौक पहुंची और लौटकर स्टेशन चौक, बाजार चौक, बस स्टैंड से होते हुए पिथौरा चौक तक गई और इसी मार्ग से लौटकर दुर्गा मंदिर में रैली का समापन हुआ। इस अवसर पर हिन्दू धर्मावलंबियों ने मुख्य मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर बाइक रैली का स्वागत किया। रैली के दौरान पूरा शहर भगवा रंग में रंग गया था और घर- घर भगवा छाएगा राम राज फिर आएगाय भारत का बच्चा-बच्चा जय श्रीराम बोलेगाय नववर्ष का स्वागत है स्वागत है के जयघोषों से पूरा नगर गुंजायमान हो गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता नगर के लोगों को नववर्ष कैसे मनाये और नववर्ष से जुड़ी प्राचीन संस्कृति की जानकारी देते हुए लोगों को नववर्ष का स्वागत करने का आह्वान कर रहे थे।

पहली बार निकली इस तरह की बाइक रैली में लोगों ने दलगत राजनीति से उपर उठकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में मुख्य रूप से सरस्वती शिशु मंदिर परिवार, श्रीराम राज परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग परिवार, श्रीकृष्ण प्रेम गौ सेवा समिति, श्री दुर्गा मंदिर समिति और अन्य समितियों और संगठनों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। हिन्दू नववर्ष पर सरस्वती शिशु मंदिर, बागबाहरा के अह्वान पर प्रत्येक घरों में दीप जलाकर नववर्ष के स्वागत का खासा प्रभाव देखने को मिला।

विद्यालय में ऑनलाइन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे नगरवासियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा अर्जित हुई। इस कार्यक्रम में जिसमें भैया/बहिन और अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। बाईक रैली सहित सभी कार्यो में नायक ट्रेडर्स के संचालक श्यामलाल नायक समेत संघ परिवार और समस्त हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। नायक ने बताया कि इसी कड़ी में ’रामराज परिवार और हिन्दू संगठनों के तत्वावधान में 10 अप्रैल को श्री रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में चलित झाांकियों के साथ भव्य शोभा यात्रा और बाईक रैली निकाली जाएगी।