
विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के ग्राम सलका गौठान में कृष्णा महिला स्व सहायता समूह की 10 महिलाओं ने खाद्य तेल के प्रसंस्करण का कार्य शुरू किया है। समूह की अध्यक्ष राजकुमारी ने बताया कि महिलाओं को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के सहयोग से खाद्य तेल निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से तेलघानी मशीन दिया गया है, उत्पादन के लिए सरसों बीज स्थानीय बाजारों से खरीदा जा रहा है। मशीन से सरसों बीज से तेल निर्माण का कार्य किया जा रहा है, तत्पश्चात तेल को छान कर पैकिंग कर बेचने के लिए तैयार किया गया है। राजकुमारी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मात्र 2 दिनों में ही समूह ने 11 लीटर तेल बनाया है। साथ ही तिल और मूंगफली तेल प्रसंस्करण का काम भी लगातार जारी है। निर्मित तेल को सीमार्ट और स्थानीय बाजारों में विक्रय के लिए रखा जाएगा, वहीं महिलाओं ने तेल की ब्रांडिंग और अन्य मार्केटिंग की योजना भी बनायी जा रही है।
इसी तरह गौठान में सखी महिला समूह से मिनी राइस मिल का संचालन किया जा रहा है। जिससे चावल, गेंहू और पंचरत्न आटा, मिर्च पाउडर, गरम मसाले आदि तैयार किये जा रहे हैं। गणेश महिला समूह से साबुन निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिससे समूह की महिलाएं अब तक 25 हज़ार से ज्यादा की कमाई कर चुकी हैं। कृष्णा समूह की ही महिलाएं अगरबत्ती निर्माण का काम भी गौठान में कर रही हैं। इंद्रा महिला स्वसहायता समूह की महिलाएं मशरूम उत्पादन की आजीविका से जुड़कर सफलता की ओर आगे बढ़ रही हैं।