स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश फार्म 5 अप्रैल से मिलेंगे

Posted On:- 2022-04-04



जशपुर (वीएनएस)। शैक्षणिक सत्र 2022- 23 के लिए 5 अप्रैल से कक्षा पहली में 40 सीट के लिए प्रवेश फार्म मिलना शुरू होगा। इस वर्ष विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम में कक्षा पहली को छोड़ कर किसी भी कक्षा में सीट रिक्त नही है। अतः आवेदन केवल कक्षा पहली में प्रवेश के लिए ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी के पालक 5 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विद्यालय से सुबह 8 से 12 बजे तक आवेदन फॉर्म निःशुल्क प्राप्त कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त करने के बाद भरा हुआ आवेदन उक्त अवधि में ही प्रातः 8 बजे से 12 बजे तक विद्यालय में जमा किया जा सकता है। उक्त तिथि के पश्चात किए गए आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

शिक्षा सत्र 2022-23 के लिए कक्षा पहली में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को 5 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आवेदन जमा करना होगा। अधिक आवेदन की स्थिति में लॉटरी के माध्यम से सीट आवंटन 1 मई से 5 मई तक किया जाएगा। एडमिशन की कार्यवाही 5 मई से 10 मई तक किया जाएगा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुर में एडमिशन में प्रवेश के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। महतारी दुलार योजना अंतर्गत कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को विशेष प्राथमिकता से प्रवेश दिया जायेगा। एडमिशन के लिए आवेदन पत्र के साथ ऐसे पालक का मृत्यु प्रमाण पत्र संलग्न किया जाना अनिवार्य होगा।

पहली कक्षा में रिक्त सीट का 50 प्रतिशत छात्राओं का चयन किया जायेगा। बालिकाओं के पर्याप्त संख्या नहीं मिलने पर बालकों से सीट भरी जा सकेगी बी.पी.एल. और आर्थिक रूप से कमजोर पालकों के बच्चों को कुल रिक्त सीट के 25 प्रतिशत सीटों के विरूद्ध प्रवेश दिया जाएगा। पालकों को सक्षम अधिकारी से जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। कुल रिक्त पदों के 25 प्रतिशत सीटों पर आवेदक बच्चों का प्रवेश लॉटरी सिस्टम से होगा। रिक्त सीटों की संख्या से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में प्रवेश लाटरी निकाल कर दिया जाएगा। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मई की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के मध्य होना अनिवार्य होगा। प्रवेश फार्म प्राप्त करने के लिए सक्षम अधिकारी से जारी किया हुआ और अभिभावकों का तहसीलदार से जारी निवास प्रमाण पत्र, विद्यार्थी का जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की छाया प्रति साथ में लाना अनिवार्य होगा।