गणगौर पूजा में जुटी मारवाड़ी समाज की महिलाएं

Posted On:- 2022-04-04



धमतरी (वीएनएस)। गणगौर का व्रत मारवाड़ी समुदाय में खासतौर पर रखा जाता है। 16 दिन तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत 18 मार्च से हुई, जो 4 अप्रैल तक मनाया जा रहा। मान्यता है कि भगवान शिव ने माता पार्वती को और माता पार्वती ने संपूर्ण स्त्रियों को सौभाग्यवती होने का वरदान दिया था। माना जाता है कि गणगौर का मतलब गण शिव और गौर माता पार्वती से है। इस व्रत में व्रत कथा का भी महत्व है जिसमें इसके पौराणिक आधार का वर्णन किया गया है।

गणगौर पूजा महिलाओं और कुंवारी कन्याओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। माना जाता है जो सुहागिन गणगौर व्रत करती हैं तथा भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं । उनके पति की उम्र लंबी हो जाती है। जो कुंवारी कन्याएं गणगौर व्रत करती हैं, उन्हें मनपसंद जीवन साथी का वरदान प्राप्त होता है। इस पर्व को 16 दिन तक लगातार मनाया जाता है। पूज्य पंचायत सिंधी धर्मशाला में माहेश्वरी महिला मंडल की महिलाओं ने गणगौर पूजा की। उन्होंने बताया कि होली के दूसरे दिन से गणगौर पूजा शुरु होती है। शीतला सप्तमी के दिन ठंडा पूजा के बाद 8 दिनों तक सभी घरों में गुडला निकाला जाता है। गीत गाते  महिलाएं उत्साहित रहती हैं। 16 दिन बाद सामूहिक पूजा की जाती है। सोमवार को सिंधी धर्मशाला में सभी घरों से लाए पूजा के सामान के बाद गणगौर की पूजा की गई। जिसे शाम को तालाब में ठंडा किया जाएगा। इस दौरान माहेश्वरी महिला मंडल अध्यक्ष कांता राठी, उपाध्यक्ष रीति झंवर, सचिव संगीता टावरी, कोषाध्यक्ष राधिका गांधी सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं मौजूद थीं।