सुकमा (वीएनएस)। स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अभिनव पहल के तहत प्रारंभ किए गए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोण्टा में 5 अप्रैल से नवीन शिक्षा सत्र 2022-23 केलिए प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ किया गया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोण्टा में प्रवेश केलिए आवेदन 5 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किया जा सकता है। आवेदन की प्रक्रिया संबंधित शाला में व आॅनलाइन भी किया जा सकता है।
लोक शिक्षण संचनालय छत्तीसगढ़ की ओर से जारी दिशा निर्देश के अनुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश केलिए निम्न निर्देशों का पालन किया जाना है, जिसके तहत एक विद्यार्थी एक ही विद्यालय के लिए आवेदन कर सकेगा। महतारी दुलार योजना के तहत कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को विशेष प्राथमिकता से प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें आवेदन के साथ पालक का मृत्यु प्रमाण पत्र संलग्न किया जाना अनिवार्य होगा। प्रत्येक कक्षा में रिक्त सीट का 50 प्रतिशत प्रवेश छात्राओं के लिए होगा। बालिकाओं के पर्याप्त संख्या नहीं होने पर बालकों से सीट भरी जाएगी। बीपीएल व आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को कुल रिक्त सीट के 25 प्रतिशत सीटों के विरुद्ध प्रवेश दिया जाएगा, इसके लिए पालकों को सक्षम अधिकारी की ओर से जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। कुल रिक्त पदों के 25 प्रतिशत सीटों पर आवेदक बच्चों का प्रवेश लॉटरी सिस्टम से होगा अर्थात कंप्यूटर के माध्यम से रेंडमली चयन किया जाएगा।
कक्षा पहली में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मई 2022 को 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह तक होना अनिवार्य है। रिक्त सीट के विरुद्ध अधिक पात्र आवेदन होने पर लॉटरी द्वारा चयन किया जाएगा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोन्टा में प्रवेश के लिए शाला समय पर उपस्थित होकर आवेदन पत्र जमा किया जा सकता है और प्रवेश संबंधी अन्य जानकारी प्राप्त किया जा सकता है।