आखिर रिहा हुए कालीचरण महाराज...

Posted On:- 2022-04-04



रायपुर (वीएनएस)। महात्मा गांधी पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में लगभग 90 दिन से जेल में बंद कालीचरण महाराज आखिरकार सोमवार को रिहा हुए। राजद्रोह के मामले में कालीचरण जेल में बंद थे। उनके खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज करवाया गया था जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मध्य प्रदेश के खजुराहो के एक लॉज से गिरफ्तार किया था। 31 दिसम्बर 2021 से कालीचरण रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद थे।

रिहाई के बाद कालीचरण महाराज ने जेल परिसर स्थित चामुंडा मंदिर में मत्था टेका। कालीचरण अपने समर्थकों के साथ रायपुर के आकाशवाणी स्थित काली मंदिर पहुंचे और काली मां की पूजा की। जेल से रिहा होने के बाद कालीचरण ने काली मां का आशीर्वाद लिया। उसके बाद कालीचरण स्टेशन रोड स्थित नीलकंठश्वर धाम मंदिर पहुंचे।

कालीचरण की जमानत याचिका पर 1 अप्रैल को बिलासपुर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी जिसके बाद हाईकोर्ट ने जमानत पर अपना फैसला सुरक्षित रखा हुआ था। बिलासपुर में जस्टिस अरविन्द कुमार चंदेल की कोर्ट से इन्हें राहत मिली थी। 1 लाख रूपए के बॉन्ड और 50 हजार रूपए डिपॉजिट करने की शर्त पर कोर्ट ने जमानत मंजूर की थी।

ज्ञातव्य है कि महात्मा गांधी पर अभद्र टिपण्णी करने पर कालीचरण पर एफआईआर दर्ज हुई थी और जिसके बाद सुनवाई हुई और उन्हें जेल भेज दिया गया था। उनके खिलाफ राजद्रोह समेत अन्य धाराओं पर केस दर्ज हुआ था। कालीचरण पिछले 92 दिनों से जेल में बंद थे। साथ ही कोर्ट ने यह भी कहा था कि मामले से संबंधित कोर्ट जब भी इन्हें बुलाएगा तो आना अनिवार्य है। वरना जमानत ख़ारिज की जा सकती है। दिसंबर 2021 में रांवाभांटा में आयोजित धर्म संसद के दौरान इन्होने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।