कोरबा (वीएनएस)। कलेक्टर की ओर से जिले के चिटफंड पीड़ितो को राहत दिलाने के लिए चिटफंड कंपनी पर कारर्वाई की गई है। मेसर्स साई प्रसाद फूड्स लिमिटेड कंपनी के कोरबा शहर के प्राइम लोकेशन में साईं वंदा कॉम्प्लेक्स विजया टॉकिज के पास टीपी नगर में स्थित परिसंपत्तियों को कुर्क किया गया है। कुर्क किए गए संपत्ति की 11 अप्रैल 2022 को नीलामी की जाएगी। नीलामी से प्राप्त राशि को कंपनी में निवेश किए गए निवेशको को लौटाई जाएगी।
कंपनी का कोरबा शहर में पटवारी हल्का नं. 16 के अंतर्गत खसरा नं. 188/1/क/1 भूखंड क्रमांक 177 में दो मंजिला भवन है। यह संपत्ति 40 बाइ 60 कुल 2 हजार 400 वगर्फुट में फैला हुआ है। यह पूरी संपत्ति नीलाम की जाएगी। संपत्ति की आॅफसेट मूल्य सरकारी कीमत पर 1 करोड़ 33 लाख 91 हजार 355 रुपए है। नीलामी की कारर्वाई 11 अप्रैल 2022 को तहसील कार्यालय कोरबा में की जाएगी। इच्छुक खरीदारों को 11 अप्रैल सुबह 10:30 बजे तक अमानत राशि के रूप में आॅफसेट मूल्य का दस प्रतिशत 13 लाख 39 हजार 135 रुपए एफ.डी.आर. या डिमांड ड्राफ्ट कलेक्टर कोरबा के नाम से तहसील कार्यालय कोरबा में जमा करना होगा।
उल्लेखनीय है कि मेसर्स साई प्रसाद फूड्स लिमिटेड कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक गुरूशरण सिंह के विरूद्ध थाना बालको नगर में लोगों को झांसा देकर अपनी कंपनी में निवेश करने के लिए अवैध रूप से पैसा जमा करवाने का अपराध पंजीबद्ध है। न्यायालय द्वारा पारित आदेशानुसार गुरूशरण सिंह को भारतीय दंड विधान के विभिन्न धाराओं, ईनामी चिटफंड धन परिचालन अधिनियम 1978 व छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2005 के तहत आरोपी घोषित किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से कंपनी में निवेश किये गए निवेशकों को राहत देने के लिए चिटफंड कंपनी साई प्रसाद फूड्स लिमिटेड की संपत्तियों को कुर्क किया गया है। निवेशकों को राशि लौटाने के लिए कुर्क संपत्ति की नीलामी की जाएगी।