बिलासपुर (वीएनएस)। कानन पेंडारी जू में वन्य प्राणियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात भैरव बाघ ने चेरी बाघिन के केज में घुसकर हमला कर दिया। आपसी संघर्ष में बाघिन की मौत हो गई। इसकी जानकारी सुबह जूकीपर को हुई। जब वे केज के पास पहुंचे तो चारों ओर खून फैला हुआ था। उन्होंने अफसरों को इसकी सूचना दी। इसके बाद बाघ को वहां से दूसरे केज में शिफ्ट किया गया। शव के पोस्मार्टम में बाघिन की मौत गले में हमला करने से होने की पुष्टि हुई है।
कानन पेंडारी जू में रहने वाले बाघ भैरव और बाघिन चेरी (उम्र साढ़े 13 साल) को रविवार की रात अलग-अलग केज में ही रखा गया था, लेकिन आधी रात को बाघ भैरव केज की जाली तोड़ तोड़कर बाघिन चेरी के केज में प्रवेश कर गया। इस दौरान दोनों आपस में संघर्ष करने लगे। वे एक-दूसरे पर कई बार पंजे से वार किए। आखिरकार भैरव बाघ ने चेरी का गला दबोच लिया। इससे खून की धार बहने लगी। अंतत: बाघ के वार से बाघिन चेरी ने दम तोड़ दिया। सुबह जब जू कीपरों ने केज को देखा तो उन्हें पता चला कि बाघ और बाघिन के बीच संघर्ष हुआ है। बाघ उसी केज में था और चारों तरफ खून फैला हुआ था। कर्मचारियों ने अफसरों को सूचना दी और बाघ को दूसरे केज में शिफ्ट किया गया।
इसके बाद बाघिन चेरी के शव को बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई। डा. आरएम त्रिपाठी, डा. अजीत पांडेय, डा. तृप्ति सोनी ने अधीक्षक की उपस्थिति में बाघिन चेरी के शव का पोस्टमार्टम किया। डाक्टरों ने पोस्टमार्टम में मौत का कारण भी आपसी संघर्ष को ही बताया है।कानन पेंडारी जू में बाघ, तेंदुआ और बाघ जैसे हिंसक वन्य प्राणी रहते हैं। इसके लिए जू में केज का निर्माण किया गया है। देखरेख के अभाव में अधिकांश केज की जालियां सड़ चुकी हैं। हल्का से धक्का देने पर जालियां टूट जाती हैं। रविवार की रात इसी जर्जर केज के कारण भैरव बाघ चेरी बाघिन के केज में घुसकर घटना को अंजाम दिया है।