दरवाजा खुला कर क्यों सोये?

Posted On:- 2022-04-05



राजधानी की पुलिस को चोरी,डकैती का पता तब चलता है, जब डकैत माल मत्ता समेट कर छत्तीसगढ़ से बाहर जा चुके होते हैं। राजधानी की पुलिस को स्मार्ट होना चाहिए। राजधानी के लोग ऐसा सोचते हैं लेकिन पुलिस आज तक स्मार्ट नहीं हो पाई है। लोग पुुलिस से उम्मीद करतेे हैं कि वह डकैती के पहले डकैतों को पकड़ ले, चोरों को चोरी करते हए पकड़ ले, कोई मोबाइक छीन कर भाग रहा है तो पुलिस उसका पीछा कर पकड़ ले। पुलिस ऐसा कुछ नहीं कर पाती है। इसलिए राजधानी की पुलिस पर लोगों को उतना भरोसा नहीं है जितना भरोसा राजधानी की पुलिस पर होना चाहिए।टिकरा पारा के सांई वाटिका में एक कारोबारी के यहां डकैतों ने डकैैती डाल दी।वह महज लाठी,डंडे व हथियार के बल पर ही पति-पत्नी को बंधक बनाकर कुछ ही मिनटों में 20 लाख रुपए के जेवर आदि ले भागे। कारोबारी परिवार के यहां लाखों की डकैैती हो गई तो सवाल यह उठाया जाना चाहिए कि राजधानी की पुलिस क्या कर रही थी। सवाल यह उठाया जा रहा है कि वह दरवाजा खोल कर क्यों सोए थे, यह बताया जा रहा है कि घर में कुत्ता है, उस पर परिवार वालों को भरोसा था, कोई बाहरी आदमी आएगा तो वह उनसे निपट लेगा लेकिन जिस तरह पुलिस के रहते राजधानी में हर तरह का अपराध आसानी से हो है,उसी तरह कुत्ते के रहते डकैतों में डकैती डाली और फुर्र भी हो गए। राजधानी में जो अपराध हो जाए कम है। आप घर से बाहर मोबाइल पर बात कर रहे है तो कोई आकर आपका मोबाइल छीनकर भाग सकता है, आप आफिस घर जा रहे है तो रास्ते में कोई आप को लूट सकता है। आप कहीं जा रहे है तो कोई अचानकर आकर आपसे शराब पीने के लिए पैसे मांग सकता है। पैसे दे दिए तो ठीक नहं तो आपकी पिटाई भी हो सकती है। आप अपनी बाइक कहीं खड़ी कर गए तो लौटेंगे तो जरूरी नहीं आपकी बाइक अपनी जगह पर मिले। यह सब राजधानी में पुलिस के रहते होता है, पुलिस इसे रोक नहीं पाती है, वह अपराध होने के बाद अपराधियों को पकड़कर दिखाती है और अपनी पीठ खुद ही थपथपाती है। राजधानी के लोग चाहते हैं कि राजधानी में बाहर से आकर लोग चोरी,डकती कर रहे हैं तो उसे अपराध करने के पहले पकड़ना पुलिस का काम होना चाहिए लेकिन पुलिस इसे अपना काम नही मानती है। वह जुर्म होने के बाद अपराधयिों को पकडऩा ही अपना काम मानती है। भले ही लोगों का भरोसा राजधानी की पुलिस से उठ जाए। वह उसी तरह काम करेगी जैसे वह करती आई है। यही वजह है कि उसे पता ही नहीं चलता है कि कब दूसरे राज्य से डकैत राजधानी में आते है,कहां रुकते हैं, और कब कहां क्या अपराध करने वाले होते हैं। जब तक अपराध का पता चलता है वह तो पुलिस की पकड़े से दूर हो जाते हैं। पकड़ में ही नहीं आते हैं। बहुत ही कम ऐसा होता है कि राजधानी में अपराध कर भागे हुए लोगों को राजधानी पुलिस बाहर से पकड़ कर लाई हो, सजा दिलाई हो। बाहरी चोर व डकैत यहां आकर अपराध कर जाते हैं यहां लोगों को डरा देते हैं और राजधानी की पुलिस उस डर को खत्म ही नहीं कर पाती है । आखिर राजधानी के लोग इस डर के साथ कब तक जीएं?