रायपुर (वीएनएस)। भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा परमो धर्म व जीयो और जीने के संदेशों को जन-जन तक प्रसारित करने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन प्रात: 6.30 बजे पंद्रह दिवसीय प्रभात फेरियों का क्रम इन दिनों जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को गुढ़ियारी स्थित श्रीचंद्रप्रभु दिगंबर जैन चैत्यालय से मारुति मंगलम भवन श्रीनगर रोड गुढ़ियारी तक प्रभात फेरी निकाली गई। जिसके संयोजक थे उज्जवल कोचर व ऋषभ सेठिया। वहीं बुधवार, 6 अप्रैल को श्रीनगर स्थित महेश भवन के पास श्रीनगर रोड से श्रीलक्ष्मी साईं भवन झण्डा चौक के पास शिवानंद नगर श्रीनगर तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। जिसका संयोजन गौरव दुग्गड़ व अभिषेक सुराना करेंगे। इन प्रभात फेरियों का क्रम निरंतर रविवार, 10 अप्रैल तक जारी रहेगा। 14 अप्रेल को सकल जैन समाज भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक मनाएगा।
प्रभारी महामंत्री महावीर कोचर ने बताया कि भगवान महावीर जन्म कल्याण महोत्सव समिति के आह्वान पर जारी विभिन्न मंडलों द्वारा जारी प्राणी सेवा के प्रकल्पों की श्रृंखला में मंगलवार को वर्धमान महिला मंडल द्वारा न्यू राजेंद्र नगर स्थित वर्धमान जिनालय में दोपहर 2 बजे से धार्मिक तंबोला का आयोजन हुआ। वहीं दोपहर 3 बजे से आनंद महिला मंडल ने लालगंगा पटवा भवन में महावीर के संग हाऊजी के रंग कार्यक्रम आयोजित किया। शाम 4 बजे आदिश्वर महिला मंडल ने महाबीर गौशाला में गुड़-चना, रोटी व चारा वितरण कर सेवा दी। इसके बाद शाम 5 बजे आदिश्वर महिला मंडल ने रेलवे स्टेशन परिसर में जरूरतमंदों को भोजन वितरण किया।
कल बुधवार, 6 अप्रैल को प्रात: 11 बजे से भारतीय जैन संघटना गुढ़ियारी शाखा कुष्ठ रोगियों के आश्रम में फल व जरूरत की सामग्री का वितरण करेगी। वहीं शाम 4 बजे से भारतीय जैन संघटना महिला व पुरुष शाखा पचपेड़ी नाका स्थित विनय मित्र मंडल के वर्कशॉप में फल व सामग्री का वितरण करेंगे।
दादाबाड़ी में ट्रेड फेयर ‘स्वाभिमान से स्वावलंबन की ओर’ का शुभारंभ बुधवार को भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत 6 से 9 अप्रैल तक जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, एमजी रोड में जैन ट्रेड फेयर ‘स्वाभिमान से स्वावलंबन की ओर’ का आयोजन किया जाएगा। आनंदम् वर्ल्ड सिटी रायपुर के सौजन्य से आयोजित इस वृहद ट्रेड फेयर के संचालन का प्रभार ‘समर्पण-सखी महिला मण्डल’ को सौंपा गया है। जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व महासचिव मनोज कोठारी ने बताया कि जैन ट्रेड फेयर का उद्घाटन बुधवार, 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे प्रमुख अतिथियों द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विनोद जैन बड़जात्या व श्रीमती संजना जैन बड़जात्या होंगे। अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ सुश्रावक सुरेश कांकरिया करेंगे। महोत्सव समिति के कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी,सलाहकार विजय चोपड़ा व कमल भंसाली ने बताया कि चार दिवसीय यह वृहद जैन ट्रेड फेयर जैन महिला उद्यमियों के सक्षमीकरण के लिए उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जिसमें देशभर से शामिल जैन महिला उद्यमी विभिन्न स्टॉल्स में अपने लघु व कुटीर उद्योगों के उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ उनका विक्रय भी कर सकेंगी। अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने आगे बताया कि इसमें पूरे भारत से 150 से ज्यादा महिला उद्यमियों ने शामिल होने अपना अग्रिम रजिस्ट्रेशन करा लिया है।
होम व कलात्मक हैंड मेड प्रोडक्ट सब कुछ एक छत के नीचे समिति के मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा ने बताया कि जैन ट्रेड फेयर का संयोजन समर्पण- सखी महिला मण्डल से मंजू टाटिया, प्रियंका लुंकड़, डॉ। प्रणिता सेठिया, सरिता लुंकड़ आदि द्वारा प्रमुख रूप से किया जाएगा। मण्डल अध्यक्ष श्रीमती मंजू टाटिया ने बताया कि इस बार के ट्रेड फेयर में कई नए उद्यमी विभिन्न लजीज व्यंजनों के स्टॉल्स सहित अपने घरेलू प्रोडक्ट, क्लॉथ और आकर्षक हैंडमेड प्रोडक्ट आदि लेकर शामिल होने जा रहे हैं। महोत्सव समिति के कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी ने बताया कि देश के अनेक राज्यों की महिला उद्यमियों ने नई उमंग और उत्साह के साथ बड़ी संख्या में अपनी एंट्री के लिए पहल की है।खास तौर से होम मेड फूड, एक्सक्लुसिव ज्वेलरी, लेटेस्ट डिजायनर साड़ियां, फैंसी चँनिया चोली, समर स्पेशल कुर्तियां, आर्ट एंड क्रॉफ्ट, प्रीमिक्स आइटम, यूनिक बेडशीट और पीलो, यूनिक डिजायनर लेडिस पर्स, डिजायनर ब्लाउज एंड टॉप्स, सजावटी सामान की विशाल श्रृंखला, साहब-मेमसाहब और छोटे नवाब के कपड़े, होम एप्लायंसेस, यम्मी चॉकलेट्स एंड केक, बच्चों के खिलौने, न्यू ट्रेंड एंड फैशन, हैंड मेड सजावटी सामान राजस्थानी आउट फिट, हैंडमेड मॉकटेल, शर्बत, होम डेकोर आइटम कच्छ-गुजरात के परिधान के स्टॉल्स आगंतुकों को लुभाएंगे।
ट्रेड फेयर में दोपहर को विविध रोचक कार्यक्रम भी इस ट्रेड फेयर में विविध ज्ञानवर्धक, रोचक व सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। जिसकी शुरुआत बुधवार, 6 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से क्वाइन्स ऑफ़ नॉलेज प्रोग्राम से होगी। इस कार्यक्रम के प्रभारी होंगे भक्ति बहु मंडल के अनुभा टाटिया, कविता गोलछा व विनिता टाटिया। इसी कड़ी में दूसरे दिन 7 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से शीतल बहु मंडल के संयोजकत्व में 5 से 10 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों के लिए तंबोला संग डांस का आयोजन किया जाएगा। जिसके प्रभारी रहेंगे पायल गांग व गरिमा बरलोटा। तीसरे दिन 8 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से व्यंजन पाठशाला टेस्टी फंडा का आयोजन संभव महिला मंडल द्वारा किया जाएगा, जिसकी संयोजक रहेंगी दक्षा मुणोत, नेहा बाघमार व नेहा धाड़ीवाल। चौथे दिन 9 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से मल्ली महिला मंडल की ओर से रंग-बिरंगी म्यूजिकल हाउजी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के प्रभारी होंगे मीना पींचा, प्राची सांखला व सुमन गिडिया। सभी कार्यक्रमों में व्यवस्था व संयोजन का दायित्व महोत्सव समिति की ओर से युवा प्रभारी गौरव कोचर, श्रेजश कोठारी, पराग दस्सानी, प्रवीण जैन, प्रफुल्ल जैन, प्रतीक लुणावत, अरविंद रामपुरिया द्वारा निभाया जाएगा।