कोण्डागांव (वीएनएस)। जिले में मक्के से इथेनॉल निर्माण के लिए खोले जा रहे प्लांट के निर्माण को शासन की ओर से प्रशासनिक स्वीकृति व वित्त विभाग की ओर से निर्माण में अंशपूंजी तथा ऋण के अंश के निर्धारण के पश्चात प्लांट निर्माण के लिए कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के निर्देशन में प्लांट के कार्यों को तीव्र गति से किया जा रहा है।
जिसके संबंध में मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण सहकारी समिति के प्रबंध निर्देशक केएल उईके ने बताया कि प्लांट को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब प्लांट निर्माण को गति देते हुए प्रक्रियाओं को तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत सोमवार को प्लांट के अभियांत्रिकीय सामग्रियों की खरीदी तथा प्लांट निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। जबकि प्लांट के परियोजना के निरीक्षण के लिए परियोजना निरीक्षण सलाहकार के चयन के लिए निविदा मंगलवार को जारी कर दी गई है। इथेनॉल प्लांट के अभियांत्रिकीय सामग्रियों की खरीदी तथा प्लांट निर्माण के लिए जारी निविदाओं को 5 मई तक जमा कराकर इन्हें खोला जायेगा तथा परियोजना निरीक्षण सलाहकार के लिए निविदाएं 03 मई को खोली जायेंगी। इसके संबंध में विस्तृत जानकारी कोण्डागांव की वेबसाईट से प्राप्त की जा सकती है।