जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक में 220 वनाधिकार पत्र का हुआ अनुमोदन

Posted On:- 2022-04-05



कोरिया (वीएनएस)। कलेक्टर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक हुई। बैठक में जिला पंचायत के प्रतिनिधि, वनमंडलाधिकारी मनेन्द्रगढ़, जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत, अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, समस्त अनुविभागीय अधिकारी व समस्त सीईओ जनपद पंचायत मौजूद थे।

बैठक में अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम 2006 तथा 2007 के संशोधित नियम 2012 अंतर्गत जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की ओर से 220 वनाधिकार दावों का अनुमोदन किया गया। इन दावों में 213 व्यक्तिगत दावे एवं 07 सामुदायिक दावे शामिल है। अनुमोदित दावों में अनुभाग बैकुण्ठपुर के 13 व्यक्तिगत व 01 सामुदायिक दावे, अनुभाग मनेन्द्रगढ़ के 64 व्यक्तिगत, अनुभाग केल्हारी के 60 व्यक्तिगत, अनुभाग खड़गवां के 49 व्यक्तिगत, अनुभाग भरतपुर के 26 व्यक्तिगत व अनुभाग सोनहत के 6 सामुदायिक दावे शामिल है।

कलेक्टर शर्मा ने बैठक में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत अनुभागवार प्राप्त दावों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।