चाहे प्रहलाद पटेल आएं या मोदी, खैरागढ़ में भाजपा की हार सुनिश्चित : धनंजय

Posted On:- 2022-04-05



रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा को अपने खाली कारतूसों पर भरोसा नहीं है। इसलिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर केंद्र के मंत्रियों को खैरागढ़ बुलाया जा रहा है। भाजपा अब खैरागढ़ में प्रचार करने मोदी जी को भी बुलवा ले। उनका प्रचार करने का शौक पूरा हो जाएगा और यह भी पता चल जायेगा कि तीन साल में 90 फीसदी वादे पूरे करने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किस भरोसे के प्रतिरूप हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मोदी सरकार की छत्तीसगढ़ विरोधी, किसान, गरीब, मजदूर और आम जनता विरोधी नीतियों का खुला विरोध करते हैं, छत्तीसगढ़ के हितों के लिए डटकर मुकाबला करते हैं। भाजपा मोदी के एक राज्यमंत्री के खैरागढ़ आने का डर दिखाने की कोशिश करना यह साबित कर रहा है कि भाजपा के नेता मानसिक तनाव में हैं। भाजपा नेताओं में मैदानी संघर्ष का माद्दा नहीं है, इसलिए आंय-बांय बोल रहे हैं।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेताओं को पूर्व रमन सरकार के समय के हालात पर गौर करना चाहिए। वे इस पर विचार करें कि उनके संगठन नेतृत्व में भाजपा पूरे प्रदेश में साफ क्यों हुई। वे यह भी आत्ममंथन करें कि भाजपा क्यों एक भी उपचुनाव में भाजपा की गिनती नहीं बढ़ा सके। भाजपा यह समझ लें कि खैरागढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति जनता के भरोसे की डंके की चोट पर जीत हो रही है और अगले रोज नया जिला बन रहा है। रही बात छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था से लेकर रोजगार तक तो भाजपा के सफाये के साथ ही माफिया राज का सफाया हो चुका है और राज्य में बेरोजगारी की जो दर रमन सिंह के समय आसमान पर थी, वह देश भर में सबसे कम .06 पर आ गई है। भूपेश बघेल सरकार ने क्या किया है जनता जानती और मानती है।