दुर्ग (वीएनएस)। भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने संयंत्र के कई नॉन वक्र्स विभागों के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी के साथ-साथ कार्यपालक निदेशक खदान और रावघाट मानस बिस्वास, कार्यपालक निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डॉ एस के इस्सर, कार्यपालक निदेशक परियोजना ए के भट्टा, कार्यपालक निदेशक कार्मिक और प्रशासन के के सिंह और संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
तत्पश्चात दासगुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण इस्पात भवन गए, जहां उन्होंने सामग्री प्रबंधन विभाग, वित्त विभाग, विपणन विभाग, खदान विभाग, सी एंड आईटी विभाग, कार्मिक विभाग सहित कई अन्य विभागों, जिनके कार्यालय इस्पात भवन में स्थित हैं जैसे इनकॉस, ईडीडी, आरडीसीआईएस, सीईटी आदि विभाग के सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद मानव संसाधन विकास विभाग और परियोजना विभाग का दौरा किया गया। इन विभागों के सभी सदस्यों को संबोधित करते हुए, दासगुप्ता और कार्यपालक निदेशकों ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बधाई दी और वित्त वर्ष 2022-23 में आने वाली चुनौतियों के बारे में बताते हुए सजग किया।