जिले में लू के सर्वेलेंस, रोकथाम व नियंत्रण के लिए मार्गदर्शिका जारी

Posted On:- 2022-04-06



बालोद (वीएनएस)। मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. मंडल ने जिले में लू के सर्वेलेंस, रोकथाम व नियंत्रण के लिए जिला व विकासखंड स्तर पर मार्गदर्शिका के लिए निर्देश जारी किया है। उन्होंने बताया कि लू के मुख्य लक्षण - सिर में भारीपन और दर्द का अनुभव, तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना, चक्कर और उल्टी आना, कमजोरी के साथ शरीर में दर्द होना, शरीर का तापमान अधिक होने के बावजूद पसीने का ना आना, अधिक प्यास लगना और पेशाब कम आना, भूख कम लगना व बेहोश होना है।

उन्होंने बताया कि लू से बचाव के उपाय - धूप में निकलने से पहले सर व कानों को कपड़े से अच्छी तरह से बांध लें, पानी अधिक मात्रा में पीयें, अधिक पसीना आने की स्थिति में ओ.आर.एस. घोल पीयें, प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केन्द्र से नि:शुल्क परामर्श लिया जाए, उल्टी, सिरदर्द, तेज बुखार की दशा में निकट के अस्पताल अथवा स्वास्थ्य केन्द्र में जरूरी सलाह लिया जाए। उन्होंने बताया कि लू लगने पर किया जाने वाला प्रारंभिक उपचार- बुखार पीड़ित व्यक्ति के सर पर ठंडे पानी की पट्टी लगाएं, अधिक पानी व पेय पदार्थ पिलाएं जैसे कच्चे आम का पना, जलजीरा आदि, शरीर पर ठंडा पानी छिड़काव करते रहें, पीड़ित व्यक्ति को शीघ्र ही किसी नजदीकी चिकित्सक या अस्पताल में इलाज के लिए ले जाएं, मितानिन, ए.एन.एम. से ओ.आर.एस. की पैकेट केलिए संपर्क करें।