कांकेर (वीएनएस)। जल जीवन मिशन के तहत लोक यांत्रिकीय विभाग कांकेर की ओर से नरहरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत श्रीगुहान में हर-घर जल और हर घर नल योजना सोलर पंप से संचालित किया जा रहा है। इस गांव में तीन बसाहट श्रीगुहान, डबरीपारा, नयापारा में 10 वार्ड हैं, जहां पर 130 परिवार निवासरत हंै और गांव की जनसंख्या 571 है, जिसमें 295 महिला और 276 पुरुष हैं। गांव में 12 हैंडपंप कायर्शील है और इन हैंडपंपों का पानी पीने योग्य है।
जल जीवन मिशन के तहत सभी परिवारों को कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन प्रदाय किया गया है, साथ ही सभी परिवारों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में किया गया है। हर परिवार को शुद्ध पेयजल प्राप्त हो रहा है, जो कि जल जीवन मिशन की अभिनव पहल से संभव हो सका है। ग्राम श्रीगुहान में हर घर नल, हर घर जल योजना के संचालन केलिए लोगों को जल-जीवन मिशन से होने वाले लाभ को पंचायत व ग्राम स्तर पर जानकारी दिया गया। सभी परिवार अपने-अपने घर में सोखता गड्डा बनाने के लिए भी तैयार हो चुके हैं। इस गांव की उमंग और उत्साह को देखते हुए ऐसा लगता है, कि नल-जल मिशन हर घर नल, हर घर जल कार्यक्रम इस गांव के लिए अमृत के समान है।
गर्मी के दिनों में गांव के अधिकांश परिवार को पानी की समस्या से जुझना पड़ता था, जिसके कारण लोग बहुत ही चिंतित व परेशान रहते थे, लेकिन अब हर घर नल-जल योजना के चलते गाँव के लोगों की चिन्ता दूर हो गई। लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति निरंतर हो रही है, इससे गाँव के महिलाओं, बच्चों तथा सभी वर्ग के लोगों में नई उमंग व उत्साह देखा जा रहा है। ग्राम पंचायत श्रीगुहान के पांच सक्रिय महिलाओं को चिन्हांकित कर पानी की जाँच करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है, ये महिलाएं अपने गाँव के जल स्त्रोतों का जलनमूना लेकर जाँच करेंगी और पानी पीने योग्य या नहीं, इसकी रिपोर्ट जल जीवन मिशन के पोर्टल में मोबाईल के माध्यम से अपलोड किया जायेगा।