नगर निगम चिरमिरी में हुआ दिव्यांगजन सहायता व समाधान तुंहर दुआर शिविर

Posted On:- 2022-04-06



विधायक डॉ जायसवाल ने की जिला प्रशासन की प्रशंसा, शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को मिला लाभ

कोरिया (वीएनएस)। नगर निगम चिरमिरी में आयोजित समाधान तुंहर दुआर व दिव्यांगजन सहायता शिविर में आज मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल, नगर निगम चिरमिरी महापौर कंचन जायसवाल, सभापति गायत्री बिरहा, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहित प्रशासनिक अधिकारी कमर्चारी व बड़ी संख्या में आम जन मौजूद रहे।

शिविर में विधायक डॉ जायसवाल ने जिला प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण हो रहा है। इससे आम जन को बेहद सहूलियत हो रही है। कलेक्टर शर्मा ने बताया कि जिले में लगाये गए दिव्यांगजन शिविर में दिव्यांगता प्रमाणपत्र के लिए 12 सौ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनपर मेडिकल बोर्ड की ओर से आवश्यक परीक्षण कर प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सतत रूप से जारी है। वहीं अन्य दस्तावेजों के लिए भी आवेदन प्राप्त हुए है, जिनका यथाशीघ्र निराकरण किया जा रहा है। समाधान तुंहर दुआर के माध्यम से पंचायत एवं नगरीय निकायों में लोगों के राजस्व से जुड़े मामलों का निपटारा हो रहा है।

शिविर स्थल हितग्राहियों तथा दिव्यांगजनों को मिले आवश्यक उपकरण व दस्तावेज : शिविर में विधायक डॉ जयसवाल व कलेक्टर शर्मा ने हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेज व उपकरण वितरित किए। जिसमें 38 हितग्राहियों को तिरंगा पट्टा, 40 को जाति प्रमाणपत्र, 20 को आय प्रमाणपत्र, 20 निवास प्रमाणपत्र वितरित किए गए। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से 02 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 03 को श्रवण यंत्र, 03 को छड़ी, 01 ब्लाइंड स्टिक, 02 को बैसाखी का वितरण किया गया। श्रम विभाग की ओर से नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 04 छात्र-छात्राओं को 9 हजार 500 रुपए का चेक व महिला व बाल विकास विभाग की ओर नोनी सुरक्षा योजना के तहत बालिकाओं को प्रमाण पत्र का भी वितरण किया गया।

हितग्राहियों की सहायता के लिए विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल : शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से हितग्राहियों की सहायता के लिए स्टॉल लगाए गए, जिनमें एकीकृत शहरी बाल विकास परियोजना विभाग, एनयूएलएम, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विकास विभाग एवं अन्य स्टॉल लगाए गए।