धमतरी (वीएनएस)। कुरूद विकासखण्ड के ग्राम बगदेही में सामाजिक बहिष्कार और सामाजिक कार्यों में प्रतिबंध लगाए जाने की शिकायत जिला प्रशासन को मिली। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने दोनों पक्षों के मध्य परस्पर समझौता करवाया। कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम कुरूद, एसडीओपी कुरूद और तहसीलदार की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करते हुए परस्पर समझाइश दी गई है।
एसडीएम कुरूद डी.सी. बंजारे ने बताया कि कुरूद थानांतर्गत ग्राम बगदेही निवासी आवेदक सुधाराम साहू एवं अन्य ग्रामीणों ने एक पंथ विशेष की आस्था पद्धति को स्वीकार करने के कारण कतिपय ग्रामीणों के द्वारा उनका हुक्कापानी बंद करवा दिया गया था। इसके चलते विभिन्न प्रकार की पाबंदियां आवेदक एवं अन्य ग्रामीणों पर लगाई गई था। एसडीएम कुरूद ने बताया कि उक्त शिकायत को संज्ञान में लेते हुए आज ग्राम पंचायत बगदेही में ग्रामीण विकास समिति, स्थानीय सरपंच, पीड़ित पक्ष और ग्रामवासियों की उपस्थिति में एसडीएम कुरूद, एसडीओपी कुरूद और तहसीलदार भखारा के समक्ष दोनों पक्षों का अभिमत सुना गया।
ग्राम में सद्भावनापूर्ण माहौल बनाए रखने के संबंध में समझाइश दी गई, जिसमें दोनों पक्षां के प्रतिनिधियों ने अपनी बातें रखीं। प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता के उपरांत उन्होंने आपसी सहमति के आधार पर ग्राम में शांति व्यवस्था बनाए रखने, परस्पर मिलजुलकर रहने के संबंध में सहमति व्यक्त की। साथ ही भविष्य मं किसी प्रकार की शिकायत नहीं आने का विश्वास दिलाकर 09 मार्च 2022 को ग्रामीण सर्वसमाज द्वारा लिए गए निर्णय को निरस्त किया गया।