कुरूद मगरलोड के गौठानों में पहुंचे कलेक्टर, गोधन न्याय योजना के सुचारू क्रियान्वयन पर दिया जोर

Posted On:- 2022-04-06



धमतरी (वीएनएस)। कलेक्टर एल्मा शासन की महती गोधन न्याय योजना का मैदानी स्तर पर सुचारू संचालन के लिए प्रतिबद्ध रहते हुए समय समय पर गौठानों का भ्रमण करते रहे हैं। आज इसी कड़ी में वे गौठान पहुंच दिवस के मौके पर कुरूद और मगरलोड के विभिन्न गौठानों बगदेही, मगरलोड के अरोद, गिरौद और सौंगा में बने गौठानों का निरीक्षण करने पहुंचें। यहां उन्होंने गौठानों में गोबर खरीदी, हितग्राहियों को भुगतान, गोबर से तैयार खाद और उसके विक्रय की स्थिति की जानकारी लेते हुए वहां कार्यरत महिला स्व सहायता समूहों से भी चर्चा की और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिए गौठानों में विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़ उसका लाभ उठाने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने गौठानों में अधोसंरचना संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

गौरतलब है कि आज जिले के ग्रामीण क्षेत्र के गौठानों में गौठान पहुंच दिवस मनाया जा रहा है। इसके लिए सभी क्लस्टर नोडल अधिकारियों को मंगलवार को समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने उन्हें अपने अपने क्लस्टर के गौठानों का भ्रमण कर वस्तु स्थिति की जानकारी के साथ रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में आज जिले के सभी ग्रामीण गौठानों का अधिकारियों ने भ्रमण किया। अब यह रिपोर्ट क्लस्टर नोडल उप संचालक कृषि को देंगें। इसके बाद आगामी 8 अप्रैल को इनकी जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक भी रखी गई है।