भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एक साथ आने के साझा संकल्प को दिखाया : गोयल

Posted On:- 2022-04-07



नई दिल्ली (वीएनएस)। वाणिज्य तथा उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य तथा सार्वजनिक वितरण और कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापार समझौता से द्विपक्षीय व्यापार वर्तमान 26-27 बिलियन डॉलर से बढ़कर 2030 तक 100 बिलियन डॉलर का हो जाएगा। यह गति पांच वर्षों में 50 बिलियन डॉलर बढ़ने की प्रारंभिक आशा से अधिक तेज है। ऑस्ट्रेलिया के व्यापार, पर्यटन तथा निवेश मंत्री डैन तेहान के साथ आज मेलबर्न में मेलबर्न विश्वविद्यालय को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि समझौते से उत्पन्न जोश ने दोनों पक्षों की व्यावसायिक आशा को बढ़ा दिया है।

उन्होंने कहा कि इस समझौता का दोनों देशों की अर्थव्यवस्था पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। शेष विश्व पर भी इसका असर होगा, जहां हम मिलकर काम कर सकते है और विश्व के अन्य भागों में पहुंच सकते हैं। श्री गोयल ने ऑस्ट्रेलिया के व्यापारियों को भारत में निवेश करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि हम आपको पारदर्शिता, विश्वास और कानून के शासन की पेशकश करते हैं। हम दोनों लोकतांत्रिक देश हैं, दोनों देशों की जनता खेल को प्यार करती हैं और दोनों देश राष्ट्रमंडल के सदस्य हैं।

वाणिज्य मंत्री ने मेलबर्न क्रिकेट मैदान में दोनों देशों के व्यापारिक समुदाय के सदस्यों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की पूरकता से दोनों देश लाभ उठा सकते है- भारत का बाजार विशाल है और ऑस्ट्रेलिया के पास निवेश योग्य अधिशेष है। उन्होंने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग तथा व्यापार समझौता (ईसीटीए) ऑस्ट्रेलियाई उद्योगों के लिए भारत के 1.4 बिलियन उपभोक्ताओं का बाजार खोलेगा।

श्री गोयल ने कहा कि अब हम एक हैं, एकता समझौते का अर्थ भी यही है। यह हमारे संबंधों में ऐतिहासिक घटना है। उन्होंने कहा कि यही एक उचित मार्ग है जो दोनों देशों के बीच वस्तुओं, सेवाओं, लोगों, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा ज्ञान की बाधा को तोड़ सकता है। इन बाधाओं को तोड़कर हम देखेंगे कि दोनों सच्चे भाई की तरह कार्य कर सकते हैं।

श्री गोयल ने कहा कि कपड़ा, फॉर्मा, आतिथ्य-सत्कार, रत्न और आभूषण, आईटी, स्टार्ट-अप, सेवाओं में लेखा कार्य की आपार संभावनाएं है और इससे दोनों देशों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। श्री गोयल ने कहा कि संभवतः नई दिल्ली में हम और अधिक तस्मानिया के झींगे देखेंगे और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की शराब भारत के स्टोर में अधिक दिखेंगी। बैंगलुरु से अधिक लोग आईटी क्षेत्र में काम करने आएंगे और ऑस्ट्रेलिया के स्टोरों में प्रधानमंत्री के गृह राज्य गुजरात के सूरत से और अधिक आभूषण बिक्री के पहुंचेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में काफी संभावनाएं है। मुझे आशा है कि हमारी साझेदारी बढ़ेगी और साझेदारी के साथ हम भी आगे बढ़ेंगे।