रायपुर (वीएनएस)। जिला अस्पताल कालीबाड़ी में स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) अनेक परिवारों के लिए आशा की किरण है। हाल ही में यहां एक प्रीटर्म बेबी – जिसका वजन काफी कम होने की वजह से परिवार चिंतित था – को सही चिकित्सा और देखभाल प्रदान करके पूर्णतः स्वस्थ किया गया।
अपनी नानी की गोद में घर जा रहे लकी (बदला हुआ नाम) की सेहत को देखकर उसकी नानी खुश है और अस्पताल प्रशासन का धन्यवाद करते नहीं थक रही है। लकी की नानी बताती है कि उनकी बेटी का यह दूसरा प्रसव है पहले प्रसव में दो जुड़वा बच्चे हुए थे। उस बार एक बच्चे की जन्म के कुछ दिन बाद ही मृत्यु हो गई थी, इसलिये लकी के समय परिवार ज़्यादा आशंकित भी था। बच्चे की मां को न्यूरो समस्या भी है जिस से एसएनसीयू की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है।
प्रभारी एसएनसीयू डॉ.रश्मि अग्रवाल जैन बताती हैं, "लकी को 21 दिन पहले यहां लाया गया था । लकी प्रीटर्म बेबी है , जो 7 माह का बच्चा एंबुलेंस में हुआ था । प्रीटर्म बेबी के साथ विशेष देखभाल की जरूरत होती है । लेकिन लकी के साथ कुछ ज्यादा ही विशेष देखभाल की जरूरत थी । लकीका वजन जन्म के समय केवल 1,190 ग्राम था, जो कि सामान्य से काफी कम था। उसको गहन चिकित्सकीय सहायता की जरूरत थी । जब इलाज चालू किया तो पहले तो उसका वजन थोड़ा कम हुआ लेकिन एक1 सप्ताह के बाद उसका वज़न बढ़ता चला गया आज लकी 1,495 ग्राम हो गया हैं, और उनको आज अस्पताल से डिस्चार्ज किया है।
शिशु रोग विभाग की विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. निधि गुप्ता कहती हैं, "परिवार को गर्भवती महिला को गर्भकाल में पोषण का ध्यान रखते हुये नियमित रूप से जांच करवाना चाहिए। बच्चे का वज़न कम हो तो हम माताओं को कंगारू मदर केयर और चर्म स्पर्श के महत्व के बारे में बताते हैं। जब बच्चा दूध पी रहा हो तो माँ की निगाहें उसकी ओर होने से दूध का प्रवाह बढता है जो माँ और बच्चे, दोनों के लिए अच्छा होता है। स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट नवजात शिशुओं को उनके जन्म से 28 दिन तक देखभाल के लिए सभी आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है। वर्तमान में संचालित एसएनसीयू में नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए विशेष चिकित्साधिकारी के अतिरिक्त बाल रोग विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्स और काउंसलर को नियुक्त किया गया है।"
परिवार भी बच्चे को मिले इलाज से संतुष्ट है। लकी की नानी कहती हैं" हमारे बच्चे की जान बची हमारे लिए एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) भी भगवान के समान ही है। एसएनसीयू शिशुओं के जीवन को बचाने में मदद कर रही है।"