बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं की अहम भूमिका : सीईओ

Posted On:- 2022-04-07



धमतरी (वीएनएस)। जिला प्रशासन और यूनिसेफ के सहयोग से शिक्षा गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से जिले के चारों विकासखंड धमतरी, कुरूद, मगरलोड, नगरी में सीख कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। साथ ही बच्चों को शिक्षा से जोड़ते हुए उनके बौद्धिक विकास केलिए सीख द्वारा खेल-खेल में शिक्षा की प्रक्रिया का समावेश कर इसे रोचक बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम मुड़पार में पांच अप्रैल को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य कायर्पालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं परियोजना संचालक, समग्र शिक्षा प्रियंका महोबिया ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताएं अहम् भूमिका निभाती हैं। प्राथमिक शिक्षा के तहत बाल्यावस्था में बच्चों की उचित देखभाल, पोषण और उनका सर्वांगीण विकास महत्वपूर्ण है। इस आयु वर्ग के बच्चों का बौद्धिक और शारीरिक विकास तीव्र गति से होता है। इसके लिए बच्चों को पर्याप्त अवसर और प्रोत्साहन का माहौल मिलना जरूरी है। इस मौके पर शिक्षकों ने घरों में उपलब्ध सामग्रियों के जरिए बच्चों को पढ़ाने के सरल तरीके बताए। इनमें रंग की पहचान, छोटा-बड़ा में अंतर, गिनती करना, गोला में कूदना, चित्र देखकर पहचानना, टेढ़ी-मेढ़ी लाइन में चलना, पेपर फोल्डिंग, आकार और भावनाएं पहचानना इत्यादि शामिल है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रजनी नेल्सन, प्रभारी जिला मिशन समन्वयक पंकज रावटे सहित ग्रामीण मौजूद रहे।