त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव : जिले में 11 वार्ड पंचो के रिक्त पदों के लिए होगा चुनाव

Posted On:- 2022-04-07



कोरबा (वीएनएस)। कोरबा जिले में त्रिस्तरीय पंचायतो के उप चुनाव अंतर्गत 11 वार्ड पंचो के रिक्त पदों के लिए चुनाव होगा। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी रानू साहू की ओर से पंचायत उप चुनाव के लिए रजिस्ट्रीकरण और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति कर दी गयी है। त्रिस्तरीय पंचायतों के उपचुनाव के लिए 01 जनवरी 2022 के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार की जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 मई 2022 को किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचक नामावली तैयार करने तिथिवार कार्यक्रम जारी कर दिया गया हैं। वार्ड पंचो के लिए पंचायत उप चुनाव विकासखंड कोरबा के ग्राम पंचायत खोड्डल के वार्ड क्र. 03 और 09, ग्राम पंचायत चचिया के वार्ड क्र. 19 व ग्राम पंचायत गोड़मा के वार्ड क्र. 11 के लिए आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार विकासखंड करतला के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलडीहा के वार्ड क्र. 05, 09, 10, 11 व 12 में रिक्त पंच पद के लिए उप चुनाव होगा। विकासखंड कटघोरा के ग्राम पंचायत पंडरीपानी के वार्ड क्र. 04 और विकासखंड पाली के ग्राम पंचायत जोराडबरी के वार्ड क्र. 03 में पंच पद के लिए उप चुनाव होगा। पंचायत उप चुनाव के लिए अपर कलेक्टर कोरबा को अपीलीय अधिकारी नियुक्त किया गया है। विकासखंड कोरबा और करतला के अंतर्गत होने वाले उप चुनाव के लिए एस.डी.एम. कोरबा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और तहसीलदार कोरबा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। विकासखंड कटघोरा के अंतर्गत होने वाले उप चुनाव के लिए एस.डी.एम. कटघोरा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और तहसीलदार कटघोरा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार विकासखंड पाली के अंतर्गत पंच पदों के उप चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए एस.डी.एम. पाली को रजिस्ट्रीकरण और तहसीलदार पाली को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए कार्यक्रम के अंतर्गत 18 अप्रैल तक प्रति एक ग्राम पंचायत की प्रारंभिक निर्वाचक नामावली में सम्मिलित वार्डों का मिलान-सत्यापन किया जाएगा तथा आधार पत्रक तैयार किया जाएगा व सूची में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 29 अप्रैल से निर्वाचक नामावली के संबंध में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन किया जाएगा तथा इसी दिन से दावे अथवा आपत्ति प्राप्त करने के कार्य की शुरूआत की जाएगी। 7 मई 2022 अपराह्न 3 बजे तक दावा अथवा आपत्ति स्वीकार किए जाएंगे। 12 मई को प्राप्त दावे व आपत्ति का निराकरण किया जाएगा। 17 मई को प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत किया जाएगा। 21 मई को दावा का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद 5 दिन के भीतर दावा-आपत्ति के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील की जा सकती है। 25 मई को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से किया जाएगा।