राजनांदगांव (वीएनएस)। राज्य निर्वाचन आयोग से आए संयुक्त कलेक्टर व मास्टर ट्रेनर यूएस अग्रवाल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मतगणना के संबंध में रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, मास्टर ट्रेनर व नोडल अधिकारी को प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ व रिटर्निंग अधिकारी लोकेश चंद्राकर उपस्थित थे।
संयुक्त कलेक्टर व मास्टर ट्रेनर यूएस अग्रवाल ने कहा कि मतगणना के पहले पूरी तैयारी होनी चाहिए। इसके लिए आधारभूत संरचना और सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही गणना कर्मी व गणना अभिकर्ता के लिए भी व्यवस्था होनी चाहिए। डाक मतपत्रों की गणना के पश्चात ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना की जाएगी। मतगणना पूर्ण होने के पश्चात ईव्हीएम और निर्वाचन सामग्री को सील किया जाएगा। उन्होंने परिणामों की घोषणा, गणना कार्य में लगे अधिकारी एवं कमर्चारी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सामग्री प्रबंधन के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि टीवी, कम्प्यूटर, इंटरनेट, फोन सहित सभी आवश्यक सामग्री मतगणना स्थल में उपलब्ध होना चाहिए। उन्होंने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951, निर्वाचन संचालन नियम 1961, धारा 64 मतों की गणना, परिणाम की घोषणा, परिणाम की रिपोर्ट व मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में जानकारी दी। गणना से पूर्व ईव्हीएम की संवीक्षा, वास्तविक मतगणना, मतगणना के पश्चात ईव्हीएम के संबंध में बताया। प्रशिक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग से आए आयुक्त नगर पालिक निगम बीरगांव एवं मास्टर ट्रेनर श्रीकांत वर्मा ने अधिकारियों की जिज्ञासा का समाधान किया और उन्होंने मतगणना के दौरान नियमों व बारीकियों के संबंध में जानकारी दी।
मास्टर ट्रेनर कैलाश चंद्र शर्मा व दीपक ठाकुर ने मतगणना के दौरान कंट्रोल यूनिट के माध्यम से परिणाम कैसे ज्ञात किया जाता है और राज्य आयोग की ओर से निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से किस तरह गणना की जाती है के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी इंदिरा देवहारी, ईटीपीबीएस नोडल निष्ठा पांडेय तिवारी, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रायपुर अपूर्व टोप्पो, अतिरिक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी एमएल टंडन, आरएल ठाकुर, ई-जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा, सिस्टम मैनेजर रायपुर विनोद अगलवे, प्रोग्रामर भूपेन्द्र सिंह, सहायक प्रोग्रामर रायपुर विनय ताम्रकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।