ब्राह्मण सामूहिक उपनयन संस्कार 16 को

Posted On:- 2022-04-07



रायपुर (वीएनएस)। कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज रायपुर ने आशीर्वाद भवन बैरन बाजार रायपुर में 16 अप्रैल को सर्व ब्राह्मण सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में सभी वर्ग के ब्राह्मणों के बच्चों का उपनयन निःशुल्क कराया जाएगा। अध्यक्ष अरुण शुक्ल ने बताया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश भर के विप्र वर्ग उत्साहित हैं और बटुकों का पंजीयन प्रारंभ है।

यहां आने वाले सभी बटुकों की नि:शुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था समाज की ओर से की गई है। अब तक 40 पंजीयन की सूचना मिल चुकी है। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा बटुक उपनयन संस्कार में भाग लें। विप्र के लिए यह जीवन का सबसे महत्वपूर्ण संस्कार होता है। 16 अप्रैल को भवन परिसर में विद्वान आचार्यों और पंडितों के मार्गदर्शन में सुबह यज्ञ हवन और विभिन्न रस्म अदायगी के साथ यह संस्कार सम्पन्न होगा।

इसमे बटुकों को ज्ञान, वैराग्य और कर्मकांड की शिक्षा दी जाती है। जीवन मे अनुशासन, शुचिता और नित्य कर्म जिनसे आध्यात्मिक उन्नति होती है उन सबका संकल्प कराया जाता है और गुरु मंत्र प्रदान किया जाता है। इन सभी रस्मो के बाद संध्या 4 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम में समाज के सभी सुधिजनों को शामिल होने का आव्हान किया गया है।