नई दिल्ली/इस्लामाबाद (वीएनएस)। पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने आखिरकार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। कोर्ट ने कहा, वोटिंग से पहले सदन के डिप्टी स्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि डिप्टी स्पीकर का फैसला कानून के खिलाफ है साथ ही इमरान सरकार को आदेश दिया गया है कि वे अविश्वास प्रस्ताव का सामना करें।
इमरान को करारा झटका : संसद भंग मामले में फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट के जज ने कहा कि इमरान खान सरकार को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना होगा और संसद में फिर से वोटिंग होगी। कोर्ट ने आदेश देते हुए कहा कि नेशनल असेंबली को फिर से बहाल किया जाए। अब 9 अप्रैल को इमरान सरकार के खिलाफ फ्लोट टेस्ट होगा।
लीगल टीम से इमरान की मीटिंग : सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से पहले इमरान खान ने अपनी लीगल टीम से मुलाकात की थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इस फैसले को सुनने के लिए पक्ष, विपक्ष, चुनाव आयुक्त, अटॉर्नी जनरल आदि तमाम लोग पहुंचे।
'कोर्ट का फैसला होगा मंजूर' : इस फैसले से पहले इमरान खान की पार्टी की ओर से कहा गया कि कोर्ट का जो भी फैसला होगा उन्हें स्वीकार होगा। साथ ही इमरान के विरोधी दलों ने भी अपनी पूरी आस्था कोर्ट के फैसले में दिखाई और कहा है कि वे सुप्रीम कोर्ट के फैसलेका पूरा सम्मान करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट में भिड़े सुरक्षाकर्मी और वकील : फैसले से ठीक पहले पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट में वकीलों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प की खबरें भी आईं।